मंत्री विजयवर्गीय के बिगड़े बोल पर कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन पुतला फूंका

जबलपुर यशभारत। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रदेश में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के द्वारा कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर की गई अशोभनीय टिप्पणी के विरोध में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार शाम को मालवी चौक पर प्रदर्शन करते हुए मंत्री विजयवर्गीय का पुतला फूंका शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सौरभ “नाटी” शर्मा ने जानकारी दी कि भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व राहुल गांधी एवं श्रीमती प्रियंका गांधी के खिलाफ की गई अशोभनीय और आपत्तिजनक टिप्पणी से कांग्रेसजनों की भावनाएं आहत हुई हैं।
उन्होंने कहा कि यह केवल व्यक्तिगत अपमान नहीं, बल्कि भारतीय लोकतंत्र, राजनीतिक शिष्टाचार और सामाजिक मर्यादा पर भी आघात है। भाजपा नेता बार-बार ऐसे भड़काऊ और असंवेदनशील बयान देकर जनता का ध्यान वास्तविक मुद्दों जैसे बेरोज़गारी, महंगाई और भ्रष्टाचार से हटाना चाहते हैं।
श्री शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि भाजपा नेतृत्व तत्काल विजयवर्गीय पर कार्यवाही कर उन्हें पद से नहीं हटाता और उनसे सार्वजनिक माफ़ी नहीं मंगवाता, तो कांग्रेसजन राज्यव्यापी और देशव्यापी जनआंदोलन करेंगे।
इस विरोध प्रदर्शन में शहर और जिला कांग्रेस कमेटी, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल एवं विभिन्न प्रकोष्ठों के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। सभी ने एक स्वर में संकल्प लिया कि कांग्रेस अपने नेतृत्व के सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी और भविष्य में भी इस प्रकार की अभद्रता का करारा जवाब देगी। प्रदर्शन के दौरान पूर्व नगर अध्यक्ष
दिनेश यादव, नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे.







