
भाजपा ने 2023 विधानसभा चुनावों की एक तरह से शंखनाद कर दिया है। आज महाकौशल के केंद्र बिंदु कहे जाने वाले जबलपुर में पार्टी का शक्ति प्रदर्शन होगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार जबलपुर आ रहे जेपी नड्डा के स्वागत की जबरदस्त तैयारी की गई है। डुमना एयरपोर्ट से रानीताल तक 17 किमी के रोड-शो में नड्डा के साथ सीएम शिवराज सिंह और प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा शामिल होंगे। यह शहर के तीन विधानसभाओं से होकर गुजरेगी। यहां बता दें कि तीन विधानसभाओं में दो पर कांग्रेस का कब्जा है।
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का तीन दिवसीय एमपी दौरा आज से शुरू हो रहा है। दिन में जहां वे भोपाल में रहेंगे। वहीं शाम को जबलपुर पहुंचेंगे। यहां तीन जून तक रहेंगे। उनका ये दौरा पूरी तरह से संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर है। वह विधानसभा चुनाव से पहले संगठन की कील-कांटे दुरुस्त कर लेना चाहते हैं।
शाम 6.30 बजे से शुरू होगा रोड-शो
बीजेपी के महानगर अध्यक्ष जीएस ठाकुर के मुताबिक डुमना एयरपोर्ट पर आज शाम 6.15 बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष पहुंचेंगे। 2 जून को संगठनात्मक कार्यक्रम और यूथ कनेक्ट में युवाओं से संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे। डुमना एयरपोर्ट पर आगमन के साथ ही उनकी भव्य अगवानी होगी। शाम 6.30 बजे से रोड-शो प्रारंभ होगा, जो बीजेपी के संभागीय कार्यालय रानीताल में समाप्त होगी। रोड-शो के दौरान 29 स्थानों पर स्वागत मंच बनाए गए हैं।
तीन विधानसभाओं से होकर गुजरेगा रोड-शो
राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का डुमना एयरपोर्ट पर स्वागत करने के बाद भाजपा द्वारा रोड शो निकाला जाएगा। रोड-शो डुमना से प्रारम्भ होकर महगंवा, विश्वविद्यालय, महाकौशल कॉलेज चौक, सिविल लाइन, इलाहाबाद बैंक चौक, इंदिरा मार्केट, मालगोदाम चौक, हाईकोर्ट चौक, घण्टाघर चौक, बड़ी ओमती, विक्टोरिया अस्पताल, तुलाराम चौक, अंधेरदेव, खजांची चौक, बड़ा फुहारा, घमंडी चौक, चरहाई, गढ़ाफाटक, रानीताल चौक होते हुए भाजपा संभागीय कार्यालय में समाप्त होगा। रोड शो के दौरान प्रमुख स्थानों में स्वागत मंच लगाकर उनका स्वागत किया जाएगा। ये रोड-शो केंट, उत्तर-मध्य और पूर्व विधानसभा को कवर करेगी। यहां बता दें की मौजूदा समय में उत्तर मध्य और पूर्व विधानसभा में कांग्रेस का कब्जा है।
सांसद आवास, फिर पहुंचेंगे ससुराल
नगर अध्यक्ष जीएस ठाकुर के मुताबिक संभागीय कार्यालय के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सांसद राकेश सिंह के आवास पहुंचेगे। इसके बाद जयश्री बनर्जी के निवास पचपेड़ी पहुंचेगे, जो उनकी ससुराल है। उनकी पत्नी मल्लिका नड्डा पहले ही पहुंच चुकी है।
2 जून को सुबह 9.30 बजे पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल शर्मा के घर जाएंगे। 10 बजे केंट विधानसभा अंतगर्त शहीद भगत सिंह मंडल के बूथ क्रमांक 106 में आयोजित बूथ बैठक में भाग लेंगे। सुबह 11 बजे अजा मोर्चा के कार्यकर्ता आशीष अहिरवार के पूर्व विधानसभा अंतर्गत महर्षि अरविन्द वार्ड घमापुर चौक स्थित निवास पहुंचेंगे।
सुबह 11.40 बजे पश्चिम विधानसभा अंतर्गत रानी दुर्गावती मंडल स्थित रायल स्कूल संजीवनी नगर गढा में मंडल बैठक को संबोधित करेंगे। दोपहर 12.40 बजे संभागीय पार्टी कार्यालय में कोर ग्रूप की बैठक में भाग लेंगे। दोपहर 2.30 बजे संभागीय कार्यालय में आर्थिक टोली और सोशल मीडिया समूह की बैठक में शामिल होंगे।
यूथ कनेक्ट में युवाओं से संवाद शाम 4 बजे
राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा शाम 4 बजे वेटनरी कॉलेज ग्राउंड में आयोजित भारतीय जनता युवा मोर्चा के यूथ कनेक्ट कार्यक्रम में भाग लेंगे और संभाग के युवाओ को संबोधित करेंगे। शाम 6 बजे केन्द्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल के निवास पर जायेंगे।