
भोपाल के सूखीसेवनिया इलाके में हुए मर्डर की आरोपी महिलाएं निकलीं। दोनों ननद-भाभी हैं। युवक ने रिश्ते की मौसी का नहाते हुए VIDEO बना लिया था और रिलेशन बनाने के लिए दबाव डाल रहा था। मौसी ने अपनी ननद के साथ मिलकर उसके मर्डर की साजिश रची। शुरुआती जांच में सामने आया है कि 19 साल का युवक दो अन्य महिलाओं के VIDEO भी बना चुका था। पुलिस ने दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है।
सूखी सेवनिया पुलिस के मुताबिक 27 मई की दोपहर 3 बजे न्यू नयन ढाबे के पीछे कमरे में सूरज गौंड का शव मिला था। उसकी हत्या पत्थर से सिर कुचलकर की गई थी। पुलिस ने कॉल डिटेल के आधार पर विदिशा के नीलखेड़ा साठिया की रहने वाली संगीता गौंड (23) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। संगीता ने बताया कि सूरज उसका न्यूड VIDEO वायरल करने की धमकी देता था। कहता था- रिलेशन बनाओ।
21 मई को उसने मिलने के लिए न्यू नयन ढाबे के पीछे बुलाया था। वहां उसने ननद राधिका (19) के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। शव बंद पड़े ढाबे के एक कमरे में छिपाकर विदिशा चली गई। सूरज अविवाहित था। वह सिक्योरिटी गार्ड था।