ब्रेकिंग : नेपाल बार्डर पर मिली अर्चना तिवारी, पुलिस लेकर आ रही भोपाल

कटनी, यशभारत। 13 दिन से गायब कटनी की अर्चना तिवारी को पुलिस ने नेपाल बार्डर के पास लखीमपुर से खोज निकाला है। भोपाल के रेल एसपी ने बताया कि पुलिस उसे लेकर भोपाल के लिए निकल चुकी है। भोपाल के रेल पुलिस अधीक्षक राहुल लोढ़ा ने स्वयं एक्स पर वीडियो पोस्ट कर इसकी जानकारी दी।
उल्लेखनीय है कि 13 दिन पहले गायब हुई अर्चना तिवारी की लोकेशन ग्वालियर के झांसी रोड पर होने की सूचना मिली थी। 7 अगस्त को इंदौर बिलासपुर ट्रेन से वह इंदौर से निकलने के बाद गायब हो गई थी। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने भी परिवार को आश्वासन दिया है कि उनकी बेटी को ढूंढ लिया जाएगा। अर्चना के पिता ने कहा था कि सरकार ने और पुलिस, GRP और RPF उनकी पूरी मदद कर रहे। इस मामले में ग्वालियर कनेक्शन सामने आया, इस प्वाइंट पर पुलिस ने जांच की। अर्चना का ट्रेन टिकट ग्वालियर के भंवरपुरा थाने में तैनात एक पुलिस आरक्षक राम तोमर ने बुक कराया था, जो इंदौर से ग्वालियर तक का था। जीआरपी (रेलवे पुलिस) ने राम तोमर को हिरासत में लेकर पूछताछ की और अहम सुराग हासिल किए। अर्चना की लगातार जिस नम्बर पर बात होती थी वह आरक्षक का नंबर था ।अर्चना की आखिरी लोकेशन भोपाल के रानी कमलापति स्टेशन पर रात 10:16 बजे के आसपास मिली थी, और कुछ यात्रियों के अनुसार, वह नर्मदापुरम तक ट्रेन में थी। पुलिस ने 97 सीसीटीवी फुटेज की जांच की, लेकिन धुंधले फुटेज के कारण कोई ठोस सुराग नहीं मिला। अर्चना का बैग उमरिया स्टेशन से बरामद हुआ था। जिसमें राखी, मिठाई, और कुछ निजी सामान था। पुलिस कई थ्योरी पर जांच कर रही थी। परिवार ने सीबीआई जांच की मांग की थी और जीआरपी ने पूरे देश में सर्च ऑर्डर जारी किया। अंततः उसे नेपाल बार्डर के पास लखीमपुर से खोज निकाला गया। सूत्रों ने बताया कि पुलिस जांच में मोबाइल लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज और अन्य इनपुट्स के आधार पर उनकी लोकेशन नेपाल बॉर्डर तक ट्रेस की गई। भोपाल पुलिस ने नेपाल पुलिस से संपर्क साधा । कई थानों की पुलिस और रेल पुलिस के संयुक्त अभियान के बाद अर्चना को नेपाल सीमा पर पाया गया।









