बेटी ने की सौतेली मां की हत्या की कोशिश : फोन पर बात करने से टोका तो बेटी 30 रुपए में खरीद लाई चाकू

फोन पर बेटी को किसी से बात करते समय टोकना सौतेली मां को महंगा पड़ गया। मां के टोकने से बेटी इतनी खफा कि उसने हत्या की योजना तक बना डाली। बाजार गई 30 रुपए में चाकू खरीदकर लाई। जब मां नींद में थी तो गले पर बार कर दिया। किस्मत से चाकू सीधा गले पर न लगते हुए साइड में लगा। चाकू लगते ही मां चिल्लाई तो सामने बेटी खड़ी थी। उसके हाथ में चाकू था और दोनों हाथ में खून लगा था। पास ही सो रहा पिता भी जाग गया।
घटना दो दिन पहले जनकगंज कमानी पुल के पास की है। सौतेली मां ने फिर भी बेटी को बचाते हुए देवरानी पर हमला करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने देवरानी पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था। पर शुक्रवार को पूरे मामले का खुलासा हो गया है। पुलिस ने नाबालिग बेटी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उसे वन स्टॉप सेंटर पहुंचा दिया है। साथ ही चाकू बरामद कर लिया है।
यह है पूरा मामला
जनकगंज के कमानी पुल पर रहने वाली 35 वर्षीय मीना पत्नी मोनू दो दिन पहले रात करीब 1 बजे जख्मी हालत में थाने पहुंचे थे। महिला को गले पर चाकू लगा था। तत्काल महिला को पुलिस ने हॉस्पिटल पहुंचाया। जहां उसे ICU में भर्ती कर लिया गया था। महिला ने पुलिस को बताया था कि जब गले पर चाकू लगा तो वह चीखते हुए उठी। उसने वहां से देवरानी मनीषा को भागते हुए देखा था। घटना बताते-बताते महिला बेहोश हो गई। इसके बाद जनकगंज थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। साथ ही मनीषा को हिरासत में लेकर थाने ले आए। यहां मनीषा ने बताया कि उसने मीना पर हमला नहीं किया है। न ही उसका जेठानी से कोई विवाद है। पता नहीं जेठानी उसका नाम क्यों ले रही हैं। इसके बाद पुलिस को भी संदेह हुआ। पुलिस ने छानबीन शुरू की। जिस पर धीरे-धीरे कहानी ही बदलती गई।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
दो दिन पहले दोपहर में 14 साल की छात्रा फोन पर किसी से हंस-हंसकर बात कर रही थी। इसी समय उसकी सौतेली मां वहां आ गई। मां ने उसे फोन पर ज्यादा बात करने के लिए टोका और डांट दिया। वैसे ही छात्रा की आंख में सौतेली मां खटकती थी। मां के ऐसे डांटने से उसका पारा चढ़ गया। मन ही मन उसने मां को खत्म करने का मन बना लिया। पहले वह कॉपी खरीदने के बहाने बाजार गई और 30 रुपए में एक चाकू खरीद लाई। रात होने का इंतजार किया। जब रात हो गई तो छात्रा चाकू छुपाकर मां के कमरे में पहुंची और गले पर चाकू मार दिया। जिस समय उसने हमला किया, किस्मत से मां ने करवट ली तो चाकू गले के बीच में न पड़ते हुए साइड में लगा। इसके बाद मां की नींद खुली तो बेटी वहीं खड़ी थी। खुलासा होने के बाद जब पुलिस ने बेटी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने पुलिस के सामने पूरी घटना कुबूल कर दी है। चाकू उसके स्कूल बैग से बरामद कर पुलिस ने आरोपी को नाबालिग होने पर वन स्टॉप सेंटर भेज दिया है। ऐसा पता लगा है कि मीना, नाबालिग की सौतेली मां है। मीना की उम्र 35 साल है। 7 साल पहले नाबालिग की मां की मौत होने के बाद मीना ने उसके पिता से शादी की थी। शादी के बाद मीना ने तो नाबालिग को अपनी बेटी मानते हुए अपना लिया था, लेकिन छात्रा उसे नहीं अपना रही थी। यही कारण था कि उसका फोन पर बात करते समय टोकने भर पर बेटी हत्या करने पर अमादा हो गई।