बुजुर्ग महिला उद्योगपति से 3 करोड़ की धोखाधड़ी, 2 करोड़ का निर्माण कराने के बाद रजिस्ट्री से किया इनकार, FIR दर्ज

यश भारत भोपाल। राजधानी भोपाल के बगरौदा औद्योगिक क्षेत्र में एक जमीन सौदे में 70 वर्षीय महिला उद्योगपति के साथ 3 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी हुई है। पुलिस ने रेडिएशन इंडस्ट्रीज के मालिक योगेश पटेरिया के खिलाफ केस दर्ज किया है। दरअसल, परिधि इंटरप्राइजेस की मालिक कुमुद तिवारी अयोध्या बायपास स्थित अभिनव होम्स में रहती हैं। उन्होंने 2023 में प्रॉपर्टी ब्रोकर के जरिए योगेश पटेरिया से संपर्क किया। योगेश के पास बगरौदा औद्योगिक क्षेत्र में 15 हजार वर्ग फीट जमीन है। तिवारी ने यह जमीन 1 करोड़ 90 लाख रुपये में खरीदने का सौदा किया। उन्होंने 71 लाख रुपये एडवांस के रूप में दे दिए। बाकी राशि 6 महीने के अंदर किश्तों में देनी थी।तिवारी ने जमीन पर निर्माण कार्य शुरू करवा दिया। इस पर उन्होंने करीब 2 करोड़ रुपये खर्च कर दिए। कुल मिलाकर उन्होंने 3 करोड़ रुपये का निवेश कर दिया। लेकिन जब रजिस्ट्री का समय आया तो योगेश पटेरिया ने जमीन बेचने से मना कर दिया। इसके बाद तिवारी ने कटारा हिल्स थाने में शिकायत दर्ज कराई है।