बिहार के मुख्य सचिव अरुण कुमार की कोरोना से मौत

पटना:= लगभग डेढ़ महीने पहले ही राज्य के मुख्य सचिव बनाए गए अरुण कुमार सिंह की कोरोना से मौत हो गयी कोरोना से उनकी दुखद मृत्यु के बाद नीतीश कुमार समेत कई नेताओं ने गहरा दुख जताया है।
मुख्य सचिव के असामयिक निधन की सूचना मुख्यमंत्री को कैबिनेट की बैठक के समापन के समय मिली। कैबिनेट की बैठक में मुख्य सचिव के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए एक मिनट का मौन रखा गया। उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि ‘अरुण कुमार सिंह वर्ष 1985 बैच के बिहार कैडर के आईएएस अधिकारी थे। वे भारतीय प्रशासनिक सेवा के एक कुशल प्रशासक थे। वे एक मिलनसार व्यक्ति थे। विभिन्न पदों पर रहते हुए उन्होंने अपनी भूमिका का बेहतर निर्वहन किया था। उनके निधन से प्रशासनिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है।’ मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शान्ति तथा उनके परिजनों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है। मुख्य सचिव अरूण कुमार सिंह कोरोना संक्रमित थे और राजधानी के पारस अस्पताल में भर्ती थे। 15 अप्रैल को ही उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी । इसके बाद उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां उन्होंने अपनी अंतिम सांस ली।मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह को संक्रमण का पता चलने के बाद पहले उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया था लेकिन सेहत में सुधार नहीं होने की वजह से उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसी 28 फरवरी को दीपक कुमार के मुख्य सचिव पद से रिटायर होने के बाद अरूण कुमार सिंह बिहार के नए मुख्य सचिव बनाए गए थे।