बरेला में कुंए में गिरे दो दोस्त : एक की दर्दनाक मौत

जबलपुर, यशभारत। बरेला के सलैया गांव में गुरुवार रात करीब डेढ़ बजे दो दोस्त शराब पीकर बिना मुंडर के कुएं में गिर गए। हादसे की खबर ग्रामीणों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी। रात 3.30 बजे तक चले रेस्क्यू में एक युवक को बचा लिया गया। वहीं दूसरे की दर्दनाक मौत हो गई।
बरेला थाना प्रभारी जितेंद्र यादव के मुताबिक सलैया गांव में सगड़ा निवासी रिंकू पटेल (34) की ननिहाल है। ननिहाल में ही रहने वाले मनीष पटेल (32) से उसकी दोस्ती है। दोनों गुरुवार को घर से बाजार निकले थे। बताते हैं कि दोनों देर रात तक शराब पीने के बाद घर लौट रहे थे। सलैया गांव में रास्ते में बिना मुंडेर का कुआं है। रात लगभग डेढ़ बजे दोनों कुएं में गिर गए।
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस टीम पहुंची
ग्रामीणों ने शोर सुनकर मौके पर पहुंचे। टॉचज़् जलाकर देखा तो कुएं में मनीष पटेल दिख रहा था। वह बचाने के लिए शोर मचा रहा था। कुआं लगभग 150 फीट गहरा है। ग्रामीणों ने बरेला पुलिस और फ ायर ब्रिगेड को सूचना दी। लगभग आधे घंटे बाद रेस्क्यू शुरू हो पाया। मनीष को रेस्क्यू टीम ने निकाल लिया। उसकी हालत ठीक है। रिंकू पटेल देर रात 3.30 बजे निकाला जा सका। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने पंचनामा कर शव को पीएम के लिए भिजवा दिया है। मामले की जांच जारी है।