बड़ी खबर : हत्या के फरार आरोपितों की हरियाणा से हुई गिरफ्तारी : शराब दुकान के पास विवाद में 2 को मार था चाकू

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के डूंडा सिवनी थाना अंतर्गत बीते दिवस शराब दुकान के पास हुए मामूली विवाद में चाकू मारकर एक युवक की हत्या के प्रकरण में फरार दो आरोपितों को डूंडासिवनी पुलिस ने हरियाणा के गुरूग्राम से गिरफ्तार किया है। दो माह से फरार आरोपितों को पुलिस तलाश कर रही थी। प्रकरण में शामिल एक आरोपित सागर वर्मा (27) को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने घटनाकारित करने के बाद फरार आरोपितों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
डूंडासिवनी थाना प्रभारी किशोर वामनकर ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता ने युवक की हत्या के फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। एएसपी जीडी शर्मा, नगर पुलिस अधीक्षक पूजा पांडे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी ने दल गठित कर 26 दिसंबर से फरार दो आरोपितों हरि पुत्र महेश कुंजाम (21), निलेश उर्फ कल्लू पुत्र संतोष वंशकार (21) दोनों गौंडी मोहल्ला कबीर वार्ड निवासी को गिरफ्तार किया है।
कबीर वार्ड क्षेत्र की शराब दुकान के पास 26 दिसंबर की रात 9.15 बजे को आरोपितों ने मनीष पुत्र राजेश सनोडिया (27) मुंगवानी बंडोल निवासी के साथ धक्का लगने के मामूली विवाद पर मारपीट कर गला रेतकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने एक आरोपित सागर वर्मा को घटना के बाद गिरफ्तार कर जेल पहुंचा दिया था।जबकि फरार आरोपितों हरि, निलेश की तलाश की जा रही थी। आरोपितों के हरियाणा के गुरूग्राम में छिपे होने का सुराग मिलने पर डूंडासिवनी पुलिस का बल हरियाणा राज्य के गुरूग्राम से आरोपितों को गिरफ्तार सिवनी ले आया है।