देश

बड़ा सवाल : क्या माइनिंग कॉन्क्लेव लगा पाएगा कटनी को औद्योगिक विकास के पंख ? आयोजन की तैयारियां पूरी, कल 2 बजे अरिंदम होटल पहुंचेंगे सीएम डॉ मोहन यादव

मंत्रियों सहित 2 हजार से अधिक निवेशक व उद्योगपति होंगे शामिल

Screenshot 20250822 141457 WhatsApp2 Screenshot 20250822 141450 WhatsApp2 Screenshot 20250822 141437 WhatsApp2 Screenshot 20250822 141441 WhatsApp2Picsart 25 08 21 21 55 01 326 1

कटनी, यशभारत। जिले की रत्नगर्भा पिछले कई दशकों से खनिजों के अकूत भंडार को संवारे हुए है। पिछले चार दशकों से तो खनिजों का दोहन करने की होड भी मची है। तरह-तरह के कीमती खनिज हों या अयस्क के रूप में रत्नों के भंडार, सब तरफ लूट के हथकंडे अपनाने से परहेज नहीं है। कटनी से खनिजों का दोहन कर पड़ोसी जिले सहित औद्योगिक नगर समृद्ध शाली हुए है लेकिन कटनी को उद्योगों से वंचित रखा गया है। कुछ एक उद्योगों को छोड़ दें तो जिले के हाथ खाली है, जिससे विकास को रफ्तार नहीं मिल पा रही है। उद्योगपति दोहन तो यहां के खनिजों का कर रहे है और उद्योग दूसरी जगह लगाकर यहां के विकास और रोजगार के अवसरों से वंचित किए हुए है। चूना, मार्बल, बॉक्साइट, लेटेराइट सहित सैकड़ों मिनरल्स के बावजूद अब तक जिले को उसका हक नहीं मिल सका। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि क्या माइनिंग कॉन्क्लेव कटनी को उसका हक दिलाएगा।

मुख्यमंत्री की अगुवाई में माइनिंग कॉन्क्लेव

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में कल 23 अगस्त शनिवार को होटल अरिंदम में माइनिंग कॉन्क्लेव का आयोजन होने जा रहा है। इस कॉन्क्लेव में 2 हजार से अधिक प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं। जिसमें प्रमुख निवेशक, उद्योगपति, नीति निर्माता, शोधकर्ता और शिक्षाविद शामिल होंगे। आयोजन का उद्देश्य राज्य के समृद्ध खनिज भंडारों का उपयोग करते हुए खनन क्षेत्र में नए निवेश और नवाचार को बढ़ावा देना है। प्रदेश तांबा, मैंगनीज, चूना पत्थर, बॉक्साइट, डोलोमाइटए, मार्बल, बलुआ पत्थर और औद्योगिक खनिजों से भरपूर है। जो खनिज आधारित उद्योगों के लिए असीम संभावनायें प्रस्तुत करता है। अपनी रणनीतिक स्थिति और मजबूत औद्योगिक नेटवर्क की वजह से मध्यप्रदेश जिम्मेदार और नवाचार आधारित खनन का एक तेजी से उभरता हुआ केन्द्र बन रहा है।

धनबाद और भोपाल की कंपनियों से साइन होंगे एमओयू

कॉन्क्लेव में खनन अपशिष्ट को मूल्यवान संसाधनों में बदलने, खनिजों का उपयोग कर डाउनस्ट्रीम उद्योगों का विकास, पारदर्शिता और जवाबदेही के लिए डिजिटल तकनीक का उपयोग, स्थानीय समुदायों के लिए रोजगार और कौशल विकास को बढ़ावा देने पर चर्चा की जायेगी। कॉन्क्लेव में खनन और प्रौद्योगिकी में शोध के लिए टेक्समाइन आईआईटी आईएसएम धनबाद और आईआईएसईआर भोपाल जैसे संस्थानों के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। क्रिटिकल मिनरल्स में सहयोग बढ़ाने के लिए कोल इंडिया लिमिटेड के साथ भी एमओयू होगा। उद्योग विशेषज्ञ खनिज-आधारित उद्योगों, बेनिफिशिएशन खनिज संवर्धन और उन्नत तकनीकों पर चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री निवेशकों के साथ वन-टू-वन बैठकें करेंगे, ताकि राज्य में निवेश के अवसरों को प्रोत्साहित किया जा सके। इसके अलावा खनन क्षेत्र से जुड़े स्टार्टअप्स, खनिज संवर्धन संयंत्र और मशीनरी निर्माता कंपनियां भी इस कार्यक्रम में अपनी भागीदारी दर्ज करा रही हैं। यह कॉन्क्लेव मध्य प्रदेश को देश में जिम्मेदार और टिकाऊ खनन के केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। इस आयोजन से न केवल निवेश आकर्षित होगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

यातायात व्यवस्था में बदलाव, बंद रहेंगे कई मार्ग

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव कल 23 अगस्त को कटनी के प्रस्तावित दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन एवं नगर में आयोजित कार्यक्रमों को देखते हुए जिला पुलिस प्रशासन ने शहर की यातायात व्यवस्था में आंशिक संशोधन किया है। यह संशोधन 23 अगस्त को सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक लागू रहेगा। जिसमे माधवनगर गेट से विश्राम बाबा गेट तक का मार्ग पूर्णत: बंद नो व्हीकल जोन रहेगा। वैकल्पिक मार्ग के रूप में माधवनगर गेट से पंचायत तिराहा, टांगा स्टैंड, आहूजा कॉलोनी, इमलिया होकर पीरबाबा की ओर वाहन जा सकेंगे। पीरबाबा से शहर की ओर आने वाले कमर्शियल वाहन लोडर, पिकअप आदि जेल मोड़, इमलिया, टांगा स्टैंड, पंचायत तिराहा, माधवनगर गेट से होते हुए प्रवेश करेंगे। पीरबाबा बायपास से शहर एवं शहर से पीरबाबा बायपास की ओर आने.जाने वाली बसे बायपास से इंदिरा नगर होकर सीधे बस स्टैंड जाएंगी। दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक नो एंट्री प्रतिबंध भी लागू रहेगा। पुलिस ने अपील की है कि नागरिक यातायात संशोधन का पालन करें और आवश्यक यात्रा के लिए समय से पहले मार्ग का चयन करें, जिससे असुविधा से बचा जा सके।

सीएम का प्रोटोकॉल, अधिकारियों की लगी ड्यूटी

व्यवस्थाओं को लेकर सौंपे दायित्व
कटनी, यशभारत। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के माइनिंग कॉन्क्लेव में आगमन को लेकर कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने अधिकारियों की ड्यूटी लगाई है। जिसमे सीईओ शिशिर गेमावत को संपूर्ण कार्यक्रम का प्रभारी बनाया गया है। डीएफओ गौरव शर्मा हेलीपैड स्थल की व्यवस्था देखेंगे। एएसपी डॉ संतोष डेहरिया हेलीपैड पर कारकेड वाहन की व्यवस्था, बुलेट प्रूफ वाहन, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात एवं पार्किंग की जिम्मेदारी संभालेंगे। लोक निर्माण विभाग की कार्यपालन यंत्री शारदा सिंह, निगमायुक्त नीलेश कुमार दुबे, एसडीएम प्रमोद कुमार चतुर्वेदी, तहसीलदार कटनी नगर आशीष अग्रवाल आवेदन पत्र लेने हेतु राजस्व निरीक्षक एवं पटवारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है। डिप्टी कलेक्टर प्रदीप मिश्रा, जिला अपूर्ति अधिकारी सज्जन सिंह परिहार, तहसीलदार कटनी ग्रामीण अजीत तिवारी, प्रभारी तहसीलदार बरही आदित्यप्रकाश द्विवेदी, नायब तहसीलदार बरही प्रसन्न कुमार वर्मा, सहायक अधीक्षक भू.अभिलेख राजेंद्र श्रीवास्तव, सहायक अधीक्षक भू.अभिलेख संतोष श्रीवास्तव, कार्यपालन यंत्री ग्रामीण स्वास्थ्य यांत्रिकी जी एस खटीक, परियोजना अधिकारी एनआरएलएम श्रीमती शबाना बेगम, सिविल सर्जन यशवंत वर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ राज सिंह, आबकारी अधिकारी विभा मरकाम, खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवकी सोनवानी, ओमप्रकाश साहू, विद्युत विभाग के अधीक्षण यंत्री डी एन चौकीकर को भी जिम्मा दिया गया है।

सीएम के दौरे को लेकर नगर निगम भी अलर्ट

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के आगमन को लेकर नगर पालिक निगम को सौपी गई कार्य व्यवस्थाओं को समय में पूर्ण कराये जाने हेतु निगमायुक्त नीलेश दुबे ने आदेश जारी कर अधिकारियों को दायित्व सौंपे है। श्री दुबे द्वारा जारी आदेश अनुसार नगर निगम से संबंधित कार्य व्यवस्थाओं की चेकलिस्ट बनाकर समय पर अपने निर्देशन में पूर्ण कराने का दायित्व प्रभारी कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, राजस्व अधिकारी जागेश्वर पाठक एवं प्रभारी सहायक यंत्री आदेश जैन को सौंपा है। इसी क्रम में हेलीपेड से कार्यक्रम स्थल तक पहुंच मार्ग के सभी गड्ढों की मरम्मत हेतु प्रभारी सहायक यंत्री अनिल जायसवाल को तथा हेलीपेड में फायर ब्रिगेड की व्यवस्था हेतु मृदुल श्रीवास्तव प्रभारी फायर नियंत्रण अधिकारी को दायित्व सौंपा है।

प्रभारी मंत्री का आगमन आज, माइनिंग कान्क्लेव में करेंगे सहभागिता

प्रदेश के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री और कटनी जिले के प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह आज शुक्रवार 22 अगस्त की शाम 7 बजे सडक़ मार्ग से व्हाया जबलपुर होते हुए कटनी पहुंचेंगे। प्रभारी मंत्री श्री सिंह यहां शनिवार को प्रात: 10 बजे से होटल अरिंदम में आयोजित माइनिंग कान्क्लेव में सहभागिता करेंगे। प्रभारी मंत्री इसी दिन शाम 5 बजे कटनी से ग्राम लोलरी नरसिंहपुर के लिए सडक़ मार्ग से प्रस्थान करेंगे।

बिलहरी मोड़ पर किया जाएगा मुख्यमंत्री का अभिनंदन

कटनी जिले में माइनिंग कान्क्लेव का आयोजन कल 23 अगस्त को होटल अरिदंम में होने जा रहा है। जिसमे शामिल होने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का कटनी आगमन हो रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कटनी आगमन पर जिला पंचायत सदस्य एवं सहकारिता उद्योग समिति की सभापति श्रीमती कविता पंकज राय के नेतृत्व में बिलहरी मोड़ पर दोपहर 2 बजे भव्य स्वागत किया जाएगा। सभापति श्रीमती कविता पंकज राय ने ढीमरखेड़ा, सिलौड़ी के समस्त प्रबुद्धजनों और भाजपाजनों से इस मौके पर उपस्थित बिलहरी मोड़ पर दोपहर 1 बजे पहुंचकर मुख्यमंत्री का स्वागत करने का आग्रह किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button