प्रयागराज से मुंबई जा रहीं पत्नी और बेटी जबलपुर से लापता : स्टेशन में अधूरी मिली फुटेज, पति ने कहा- कोई अप्रिय घटना हुई

जबलपुर, यशभारत। वाराणसी एक्सप्रेस ट्रेन में बैठकर प्रयागराज से मुंबई जा रहीं पत्नी और 4 वर्षीय बेटी जबलपुर स्टेशन से 8 दिन से लापता हैं। जब पत्नी और बेटी मुंबई नहीं पहुंचे तो पीडि़त पति ने खोजबीन शुरु की। जिसके चलते जबलपुर स्टेशन में लगे सीसीटीव्ही कैमरे में आधी फुटेज मिली है। जिसके बाद पति को शक है कि उसकी पत्नी और बेटी जबलपुर से लापता हुए है।
जानकारी अनुसार मनीष पिता लल्लन कनौजिया उम्र 33 वर्ष ने बताया कि वह मूलत: ग्राम कुटिया बरौहा, जिला नैनी, प्रयागराज का निवासी है। जो वर्तमान में थाणा मुंबई में रहकर कपड़े की दुकान संचालित कर रहा है। पीडि़त युवक ने बताया कि उसकी पत्नी पिंकी उम्र 25 साल और 4 वर्षीय बेटी कुमारी रुद्राक्षी को प्रयागराज उप्र. से मुंबई के लिए वाराणसी एक्सप्रेस ट्रेन में 24 जनवरी 2022 को बैठाला था, जो घर नहीं पहुंचे। जिसकी शिकायत उसने जीआरपी पुलिस से की है। शिकायत पर पुलिस ने गुमइंसान कायम कर मामला जांच में लिया है। आज पुलिस कप्तान ने पीडि़त ने शिकायत कर, न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।