प्रभारी मंत्री ने अन्न उत्सव के बहाने की कांग्रेस की खिंचाई: मैंने वो दौर देखा है जब दिग्विजय सिंह मुख्यमंत्री थे, बाजार लुट रहे थे

जबलपुर, यशभारत। अन्न उत्सव कार्यक्रम के बहाने जिले के प्रभारी मंत्री और प्रदेश के लोक निर्माण, कुटीर एवं ग्रामोद्योग मंत्री गोपाल भर्गाव ने कांग्रेस सरकार और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को आड़े हाथ लिया है। प्रभारी मंत्री ने अन्न उत्सव कार्यक्रम के मंच से कहा कि इस देश में कांग्रेस पार्टी से लेकर अन्य पार्टियों ने राज किया, लेकिन किसी ने देश की गरीब जनता के बारे में नहीं सोचा। प्रभारी मंत्री ने वो दौर भी देखा जब प्रदेश के मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह हुआ करते थे, उस वक्त लोग बाजार लूट लेते थे। मैंने उस वक्त भी लोगोंं की आवाज बुलंद तरीके से विधानसभा में रखी परंतु तत्कालीन सरकार ने कभी ध्यान नहीं दिया।

प्रभारी ने कहा कि उस दौर में लोग गेहूं-चावल, आलू-प्याज की लूट करते थे। प्रभारी मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार गरीबों की सरकार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रोटी-कपड़ा और मकान गरीबों को देने के साथ देश-प्रदेश का विकास किया है। भाजपा सरकार के कार्यकाल में गरीबों को अनाज के लिए लूट नहीं करनी पड़ रही है, लोगों को आसनी से सबकुछ मिल रहा है। ये गर्व की बात है।
मालूम हो कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से शनिवार को जबलपुर में 449 राशन दुकानों पर अन्न उत्सव मनाया जा रहा है। पश्चिम विधानसभा के रामपुर स्थित अखाड़ा परिसर की राशन दुकान में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री गोपाल भार्गव और सांसद राकेश सिंह के साथ कलेक्टर कर्मवीर शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे। जिले के 3 लाख 53 हजार 196 हितग्राहियों को नि:शुल्क खाद्यान्न वितरित करने का लक्ष्य रखा गया था।
पहले लोगों के पास खाने के लाले थे
प्रभारी मंत्री ने कहा कि बीजेपी हमेशा गरीबों की चिंता करती है। कांग्रेस शासन काल में बाजार लुटते थे। 2003 के पहले इस कदर महंगाई थी कि गरीबा के पास खाने को अनाज भी नहीं होता था। मेरी खुद की विधानसभा की हालत ये थी कि हाट बाजार में गेहूं और चावल लुट जाते थे। भाजपा सरकार आई तो 80 प्रतिशत लोगों के लिए सुविधा उपलब्ध कराई है। बीजेपी सरकार ने कइ वर्गों के लोगों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जोड़ा है। पीएम ने गरीब कल्याण योजना के तहत नवंबर तक मुफ्त राशन देने की योजना बनाई है। इस पर कांग्रेस को दर्द नहीं होना चाहिए।
449 राशन दुकानों में अन्न उत्सव
पीएम मोदी 11.20 बजे पूरे देश में एक साथ देश भर में अन्न उत्सव का शुभारंभ किया। जबलपुर में 449 राशन दुकानों में अन्न उत्सव के कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। हर राशन दुकान में भाजपा के जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी शामिल हुए। मुख्य कार्यक्रम पश्चिम विधानसभा के रामपुर स्थित अखाड़ा परिसर की राशन दुकान में हुआ।