सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के पेंच नेशनल पार्क में जंगल सफारी व प्राकृतिक वातावरण का आनंद लेने वालों को कुछ दिन और इंतजार करना पड़ेगा। एक पखवाड़े बाद टाइगर रिजर्व के कोर एरिया में सफारी के लिए तीनों गेट पर्यटकों के लिए खुल जाएंगे। नए सीजन को लेकर पार्क प्रबंधन भी तैयारियों में जुट गया है। अब पर्यटकों को सफारी के लिए अधिक पैसे देने पड़ेंगे। राज्य शासन ने एंट्री फीस 10 प्रतिशत बढ़ा दी है। वर्तमान में पार्क के अंदर के रास्तों की सफाई और सुधार करने के लिए अंतिम कार्रवाई चल रही है। हालांकि अभी भी कई रास्तों में पानी भरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार अभी तक कोर एरिया में एंट्री फीस एक वाहन का 24 सौ रुपए लगता था जो कि एक अक्टूबर से 2640 रुपए भारतीय पर्यटकों के लिए लगेगा। इसी प्रकार विदेशी पर्यटकों के एक वाहन की एंट्री फीस 48 सौ की जगह 5280 रुपए लगेगी। इसके अलावा गाइड शुल्क 480 रुपए की जगह 800 रुपए होगा। हालांकि एंट्री फीस को लेकर कभी विरोध देखने को नहीं मिला है। पार्क का कुल 1179 वर्ग किमी का एरिया है। इसमें से 411 वर्ग किमी का एरिया कोर का है।
एक जुलाई से पार्क के कोर एरिया के गेट पर्यटकों के लिए बंद होने के बाद पार्क के कोर और बफर एरिया में मानसून गश्त शुरु हो जाती है। अभी भी मानसून गश्त हो रही हैं। इस दौरान यह देखा जा रहा है कि शिकारियों की घुसपैठ तो नहीं हो रही। इसके लिए उन रास्तों पर ज्यादा फोकस होता है, जहां से घुसपैठ की संभावना रहती है। कई बार शिकारी तार बिछाकर करंट लगा देते हैं।
पिछले पार्क सीजन में पेंच नेशनल टाइगर रिजर्व में सवा दो लाख से अधिक पर्यटक आए थे। इसमें से भारतीय करीब दो लाख थे जबकि विदेशियों की संख्या करीब 18 हजार थी। पिछली बार टाइगर साइटिंग अधिक हुई थी। इसी कारण पर्यटकों की आवाजाही अधिक हुई थी।
पार्क के कोर एरिया में पर्यटन शुरु होने के पहले सफारी के लिए वाहनों की फिटनेस शुरू हो गई है। वाहन मालिक परिवहन कार्यालय में जाकर फिटनेस करा रहे हैं। जानकारी के अनुसार पार्क में करीब 150 वाहन पंजीकृत हैं। सुबह 50 और शाम को 49 वाहनों की एंट्री तीनों गेटों से होती है। हालांकि वर्तमान में बफर एरिया में पर्यटन जारी है और बफर सफारी हो रही है लेकिन यहां पर फिलहाल पर्यटक कम आ रहे हैं।
पेंच टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर रजनीश कुमार सिंह का कहना है कि पेंच पार्क का कोर एरिया में एक अक्टूबर से पर्यटकों की एंट्री शुरु हो जाएगी। शासन ने एंट्री फीस में दस प्रतिशत का इजाफा किया है। नए सीजन के लिए तैयारियां की जा रही हैं।
Back to top button