पवई विधायक, सीसीएफ एवं जिला अधिकारियों ने मोहन्द्रा में किया वन विभाग द्वारा विकसित गौवंश वाटिका का शुभारंभ

पवई, यश भारत। दक्षिण पन्ना वन विभाग ने आज सुरभि गौशाला मोहन्द्रा में पौधारोपण, संकलन विमोचन और खेलकूद सामग्री वितरण का संयुक्त कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में मुख्य एवं विशिष्ट अतिथि के तौर पर पवई विधायक श्री प्रहलाद लोधी, छतरपुर वृत्त वन संरक्षक नरेश सिंह यादव, पन्ना कलेक्टर सुरेश कुमार, पुलिस अधीक्षक साई कृष्ण थोटा, दक्षिण पन्ना वनमण्डलाधिकारी अनुपम शर्मा, जिला पंचायत सीईओ उमराव सिंह मरावी, जनपद अध्यक्ष श्रीमती मोहिना मिश्रा, प्रशिक्षु भा.व.से. अधिकारी एवं प्रभारी उपवनमण्डल अधिकारी अक्षत जैन, एसडीएम सुश्री समीक्षा जैन, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्रीमती भावना दांगी, सरपंच एवं मंडल अध्यक्ष अरुण चौरसिया और आईटीआई प्राचार्य रोहित श्रीवास सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, ग्रामीण, विद्यार्थी, मीडिया प्रतिनिधि और वन अमला उपस्थित रहे।
“एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत अतिथियों ने “गौवंश वाटिका” की शुरुआत की। इस अवसर पर त्रिवेणी पौधे (नीम, पीपल, बरगद), आंवला, कदम्ब, गुलमोहर और गूलर जैसे पौधे रोपित किए गए। पौधारोपण से पूर्व पौधों और गौवंश की पूजा-अर्चना की गई। धार्मिक मान्यता के अनुसार गाय को मां के समान पूजनीय माना जाता है और इसी भावना के अनुरूप यह वाटिका गौवंश को समर्पित की गई। वन विभाग ने पौधों की सुरक्षा के लिए ट्रीगार्ड लगाए हैं और देखभाल हेतु गौशाला समिति तथा ग्रामीणों से सहयोग का आवाह्न किया। विभाग ने बताया कि अपेक्षित सहयोग मिलने पर वाटिका का विस्तार किया जाएगा और विस्तार वानिकी योजना अंतर्गत पेवर ब्लॉक्स जैसी सुविधाएं भी जोड़ी जाएंगी।
इसके उपरांत, कार्यक्रम में प्रतिभाशाली वनरक्षक वीरेंद्र पटेल द्वारा संकलित फोटो-पुस्तक “कल्दा क्षेत्र के पक्षी” का विमोचन किया गया। यह संकलन क्षेत्रीय पक्षियों और जैव विविधता का जीवंत दस्तावेज है। वरिष्ठ अधिकारियों ने इसे संरक्षण कार्यों की दिशा में प्रेरक पहल बताते हुए वनकर्मी की मेहनत और समर्पण की सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में, राष्ट्रीय खेल दिवस 2025 से पूर्व, आईटीआई कॉलेज मोहन्द्रा के छात्र-छात्राओं को बैडमिंटन किट (रैकेट और शटल) प्रदान की गईं। ये किट काष्ठ लाभांश से खरीदी गई थीं। अतिथियों ने विद्यार्थियों को खेलों को जीवन में अपनाने, अनुशासन और स्वास्थ्य के महत्व को समझने तथा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
पूरे कार्यक्रम का आयोजन मोहन्द्रा परिक्षेत्र अधिकारी अभय दूबे और उनकी टीम ने किया। सभी अतिथियों ने उनके प्रयासों की सराहना की। पवई परिक्षेत्र अधिकारी नितेश पटेल ने भी आवश्यक सहयोग किया और मंच संचालन की जिम्मेदारी निभाई।







