पनागर में आज दूसरे युवक का भिवाड़ी तला में मिला शव, कल पहले युवक की मनयारी के पास मिली थी लाश
क्षेत्र में शोक की लहर, रांझी से नहर घूमने गए थे युवक हुए घटना का शिकार

जबलपुर, यशभारत। पनागर के झुरझुरु गांव के पास साइड नहर में दो बाईक सवार एक्सीडेंट का शिकार हो गए और बाइक अनियंत्रित होते ही सीधे नहर में समा गए। जिसकी खबर लगते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरु किया। आज रांझी निवासी युवक सोमनाथ चौधरी का शव भिवाड़ी तला में उतराते हुए मिला। वहीं नहर में बहे पहले युवक का शव मनयारी गांव के पास नहर में बरामद किया गया था। इसके पहले दोनों जिस बाइक में सवार थे, वह झाडिय़ों में फंस गयी थी, जिसे झुरझुरु गांव की साइड नहर से बरामद कर लिया गया है। इस घटना की खबर जैसे ही क्षेत्र में फैली, लोगों का कलेजा मुंह को आ गया। परिजनों ने जब लाड़लों के शव देखें तो चीख पड़े। जिन्हें पुलिस और परिजनों ने बमुश्किल सम्हाला। पुलिस ने मर्ग कायम कर, मामला जांच में लिया है।
पनागर थाना प्रभारी आरके सोनी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि अवधेश दुबे उम्र 28 साल पिता स्व. गीता प्रसाद दुबे निवासी रांझी मस्ताना चौक व सोमनाथ चौधरी उम्र 28 साल निवासी किसन होटल झंटा चौक रांझी के है। परसों शाम को करीब 4 बजे दोनों बाइक में सवार होकर नहर घूमने गए थे। तभी हादसे का शिकार हो गए।
बाइक से मिला सुराग
पुलिस ने बताया कि घटना का पता तब चला जब दोनों की बाइक झुरझुरु गावं के पास निकली साइड कैनाल की झाडिय़ों में फंसी हुई मिली। पतासाजी करने पर ज्ञात हुआ कि दोनों युवक रांझी से पनागर नहर घूमने आए थे, जो लापता है।
भिवाड़ी तला की कैनाल में मिला शव
पुलिस ने बताया कि परिजन और क्षेत्रीय निवासी लगातार युवकों की पतासाजी कर रहे थे। जिसके चलते आज सोमनाथ चौधरी का शव झुरझुरु गांव से करीब पांच किलोमीटर दूर भिवाड़ी तला में उतराता हुआ मिला। लोगों ने जैसे ही शव को देखा तो मौके पर पुलिस को सूचना दी। इस दौरान घटना स्थल पर लोगों का भारी जमावड़ा लग गया था। जिन्हें पुलिस ने नियंत्रित कर, शव कब्जे में लेकर मर्ग कायम कर, मामला जांच में लिया है।
मनायारी में मिला था अवधेश का शव
इसके पहले घटना के दूसरे दिन अवधेश दुबे का शव मनयारी गांव के पास साइड कैनाल में बरामद किया गया था। लोगों की सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मर्ग कायम कर, मामला जांच में लिया है।
क्षेत्र में गहमागहमी
पनागर की साइड नहर ने जैसे ही दोनों युवकों के शव उगले, क्षेत्र में गहमागहमी का माहौल निर्मित हो गया। परिजनों की चीख-पुकार और लोगों के भारी जमावड़े से क्षेत्र में सनसनी फैल गयी।
कैसे हुई दुर्घटना
थाना प्रभारी आरके सोनी ने बताया कि दोनों के शव बाइक समेत बरामद कर लिये गए है। परिजनों के कथन के अनुसार दोनों रांझी से पनागर नहर घूमने निकले थे, जो वापस घर नहीं पहुंचे। लेकिन वह दुर्घटना का शिकार कैसे हो गए। यह जांच का विषय है।