पत्नी रूठकर मायके गई तो पति ने छोड़ी दुनिया : दिव्यांग ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

जबलपुर, यशभारत। कहते हैं पति-पत्नी का रिश्ता सात जन्मों का रहता है। साथ जीने-मरने की कसमें खाकर पति-पत्नी विवाह के इस पवित्र रिश्ते को निभाते हैं। केंट थाना के संजय गांधी नगर में एक ऐसा ही मामला सामने आया है परंतु इस मामले में सिर्फ पति ने दुनिया छोड़ी है। पत्नी के रूठकर मायके जाने पर 32 वर्षीय दिव्यांग पति ने पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। इस मामले के बाद पत्नी और उसके दो छोटे-छोट बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है। पत्नी भी बदहवाश स्थिति में है उसे भी नहीं मालूम था कि उसके मायके जाने पर पति यह आत्मघाती कदम उठा लेंगे। इधर केंट पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
केंट थाना के एसआई रघुवंशी के मुताबिक शुक्रवार को देव कुमार का बड़े भाई कमल कुशवाहा से विवाद हो गया था। बहस के चलते देव कुमार ने थाने में शिकायत की थी। इस पर पुलिस पहुंची थी। केंट पुलिस ने कमल कुशवाहा को समझाया था। सब कुछ ठीक हो गया था। रात में देव कुमार ने खाना भी खाया। इसके बाद वह कमरे में सोने चला गया था।
सुबह उसकी पंखे से लटकी मिली लाश
कमल कुशवाहा के मुताबिक सुबह नौ बजे वह भाई को जगाने के लिए दरवाजा खटखटाया, लेकिन किसी ने नहीं खोला। मोहल्ले वालों की मदद से किसी तरह दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे। अंदर देव कुमार पंखे से गमछा बांधकर फंदे से लटका था। कमल ने इसकी सूचना केंट पुलिस को दी। केंट पुलिस ने शव को पीएम के लिए भिजवाते हुए मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया है।