पति को पत्नी से पंगा लेना महंगा पड़ा: पत्नी को गाली देकर धमकी भरा मैसेज किया; महिला थाने पहुंचकर जिद पर अड़ी- उसे जेल भेजो

भोपाल में पति को गुस्से में पत्नी को धमकी भरा मैसेज करना भारी पड़ गया। पति के इस बर्ताव से नाराज पत्नी थाने पहुंचकर उसे जेल भेजने की जिद पर अड़ गई। उसने पति पर अश्लील और धमकी भरा मैसेज करने का मामला दर्ज करा दिया। दोनों के बीच पहले से ही दहेज प्रताड़ना का मामला चल रहा है। महिला अपने मायके में रहती है, जबकि पति माता-पिता के पास रहता है।
कमला नगर थाना प्रभारी विजय सिसौदिया ने बताया कि 34 वर्षीय महिला कमला नगर थाना क्षेत्र में रहती है। करीब 7 साल पहले उसकी शादी बैतूल में रहने वाले युवक से हुई थी। उसका पति अभी बैतूल में अपने मां-बाप के साथ रहता है, जबकि महिला अपनी 5 साल की बेटी के साथ भोपाल में रह रही है। दोनों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा है।
महिला इससे पहले अपने पति के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज करा चुकी है। वह शनिवार को कमला नगर थाने पहुंची और उसने वॉट्सऐप मैसेज पुलिस को दिखाए। इसमें उसके पति द्वारा गाली गलौज कर धमकी दी गई है। मैसेज में कई अपशब्दों का उपयोग किया गया। पुलिस ने इसी मैसेज के आधार पर पति के खिलाफ अश्लील मैसेज और धमकी देने की धाराओं में FIR कर ली। पुलिस जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने बैतूल जाएगी।
मां-बाप को छोड़कर भोपाल नहीं आना चाहता पति
थाना प्रभारी सिसौदिया ने बताया कि करीब दो-तीन महीने पहले महिला का जन्मदिन था। तब उसका पति भोपाल आया था। उसने पत्नी का जन्मदिन मनाया था। तब भी उसने पति से भोपाल में रहने के लिए कहा था, लेकिन वह बैतूल अपने मां बाप के पास चला गया। पूछताछ में सामने आया है कि महिला ससुराल नहीं जाना चाहती है, क्योंकि उसे प्रताड़ित किया जाता है, जबकि पति अपने मां बाप को छोड़कर भोपाल नहीं आना चाहता है। इसी कारण दोनों के बीच विवाद चल रहा है।