
मुजफ्फरपुर के हथौड़ी थाना इलाके में एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक महिला से छेड़खानी करना युवक को काफी भारी पड़ गया। गांव की पंचायत ने आरोपी युवक को चप्पल मारने की सजा सुनाई। पंचायत में फैसला होते ही महिला ने चप्पल निकालकर युवक की पिटाई करनी शुरू कर दी। वहां मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बना लिया। इसे सोशल मीडिया पर काफी शेयर किया जा रहा है।
यह घटना शुक्रवार शाम की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि महिला घर में अकेली थी। इसका फायदा उठाकर आरोपी चुपके से घर के अंदर दाखिल हुआ और महिला के साथ छेड़खानी की कोशिश की। महिला के शोर मचाने पर आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। हालांकि महिला ने युवक को पहचान लिया और परिजनों सहित सबको इसके बारे में बताया।
विरोध करने पर हुई आरोपी की पिटाई
आरोपी को सजा देने के लिए गांव में पंचायत बुलाई गई। इसमें पीड़ित महिला के साथ आरोपी, पंचों और ग्रामीणों को बैठाया गया। महिला की पूरी बात सुनने के बाद पंचों ने सजा सुनाई। उन्होंने महिला को भरी पंचायत में आरोपी को 50 चप्पल मारने का फरमान जारी किया। पंचों की बात सुनने के बाद महिला ने आरोपी को चप्पलों से मारना शुरू कर दिया।
हालांकि कुछ देर में आरोपी गुस्सा हो गया। उसने उठकर महिला के बाल खींचकर उसे पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद पंचायत में बैठे लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। सोशल मीडिया पर चप्पल मारने का यह वीडियो वायरल हो गया है। वहीं हथौड़ी पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।