नगर निगम के साथ तालमेल बनाकर हल कराएंगे शहर की बड़ी समस्याएं, पत्रकारों से बातचीत में बोले कलेक्टर आशीष तिवारी – स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतरी के लिए होगा काम

कटनी, यश भारत। स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार मेरी पहली प्राथमिकता होगी, खासकर मातृ और शिशु मृत्य दर को कम करने के लिए प्रयास किये जाएंगे। यह कहना है कलेक्टर आशीष तिवारी का। वे आज कलेक्टर सभागार में पत्रकारों से बात कर रहे थे। कलेक्टर ने कहा कि शहर की समस्याओं को दूर करने के लिए नगर निगम के साथ सामंजस्य बनाकर कार्य किया जाएगा। ख़ासकर यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाएगा। ट्रांसपोर्ट नगर की शिफ्टिंग को लेकर नगर निगम के अधिकारियों से बात हुई है। जल्द ही इसको लेकर भी प्रयास किया जाएगा। पत्रकार वार्ता के दौरान स्वास्थ्य के साथ ही शिक्षा, अवैध उत्खनन, सेन्ट्रल पार्किंग और सीवर लाइन ठेकेदार की मनमानी से सम्बंधित सवाल को लेकर कलेक्टर ने कहा कि ज्यादातर समस्याएं शहर में है, इसको लेकर जल्द ही सुधार के प्रयास किये जाएंगे। शहर के अंदर चल रहे सीवर लाइन काम को लेकर भी निदेशित किया गया है कि उसे जल्द से जल्द पूरा किया जाए। पत्रकार वार्ता में जनसंपर्क अधिकारी मनोज श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।








