नई बाइक बनी काल:नाबालिग बाइक पर गांव के दो लोगों के साथ निकला था पेट्रोल भरवाने, रफ्तार ने छीन ली सांसें

जबलपुर, यशभारत। कुंडम क्षेत्र अंतर्गत चौरई पेट्रोल पंप के पास सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। वहीं दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की वजह नई बाइक से रेस लगाना बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार सलैया तालाब निवासी प्रताप सिंह मरकाम का नाती रोहित सिंह मरकाम (17) ने नई बाइक ली थी। नई बाइक लेकर वह रात में चौरई पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने निकला था। उसके साथ गांव के रवि सिंह आर्मो और प्रमोद बरकड़े भी थे। रात 12 बजे के लगभग उनकी बाइक का एक्सीडेंट हो गया।
तेज रफ्तार में चला रहे थे बाइक
गांव के सरपंच के मुताबिक रोहित तेज रफ्तार में बाइक चला रहा था। चौरई पेट्रोल पंप मोड़ पर बाइक अनियंत्रित हो गई। तीनों में एक भी हेलमेट नहीं पहने थे। हादसे में तीनों को सिर, हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं। बाइक लगभग 20 मीटर तक घिसट गई।
तीनों को गंभीर हालत में 108 एम्बुलेंस से कुंडम अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने रोहित को मृत घोषित कर दिया। वहीं रवि सिंह व प्रमोद को जबलपुर के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया है।