धनवंतरी नगर में दो घरों के टूटे ताले : परिजन गए थे उत्तरप्रदेश, दूसरे तिलवारा में कर रहे थे मां नर्मदा के दर्शन
हजारों के कीमती जेवरात और नगदी पार

जबलपुर, यशभारत। संजीवनी नगर के धनवंतरी नगर में शनिवार की रात दो सूने घरों के ताले चोरों ने तोड़कर, हजारों के कीमती जेवरात और नगदी पार कर, रफूचक्कर हो गए। एक परिवार मां नर्मदा के दर्शन करने गया था और वहीं दूसरा परिवार बलिया उत्तर प्रदेश की यात्रा में था। पुलिस ने दोनों मामले दर्ज कर, जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया कि सीमा सोंधिया 33 वर्ष निवासी धनवंतरी नगर ने बताया कि वह पिपरिया होशंगाबाद में शासकीय रेडियोग्राफ र है। सप्ताह में आना-जाना करती है। शनिवार की दरमियानी रात अपनी मम्मी पार्वती , बहन लता सोंधिया के साथ तिलवारा स्नान के लिये गयी थी। अलसुबह घर आकर देखा तो उसके घर के गेट का ताला टूटा था, अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा हुआ था, लॉकर से सोने के कंगन, झुमकी, 2 चैन, 2 अंगूठी, चांदी की 2 जोड़ी पायल एक करधन , 4 चांदी के कंगन और नगदी रुपए गायब थे।
मामा-मामी का घर चोरों ने कर दिया साफ
इसी प्रकार प्रियंका वर्मा 23 वर्ष निवासी धनवंतरी नगर ने पुलिस को बताया कि उसके मामामामी अपने पेत्रिक गांव बलिया उत्तरप्रदेश गये थे तथा वह मण्डला रिश्तेदारी में गई थी। अलसुबह पड़ोसी ने सूचना दी कि घर के दरवाजे का ताला टूटा है। वह मंडला से मामा के घर पहुंची तो वहां दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो 2 दरवाजों के ताले टूटे हुये थे। सामान बिखरा पड़ा था और घर में रखे 2 बक्सों के ताले भी टूटे हुये थे, जिसमें सोने चांदी के जेवर एवं नगदी 10 हजार रूपये गायब थे। चोरी हुई है यह मामा-मामी के आने के बाद ही पता चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।