धनतेरस पर कलेक्टर की खरीदी : सपरिवार पहुंचे बाजार, खरीदे मिट्टी के दिए और बर्तन, लोकल के लिए वोकल का दिया संदेश
स्थानीय कलाकारों को किया प्रोत्साहित


जबलपुर, यशभारत। कलेक्टर कर्मवीर शर्मा मंगलवार की दोपहर दीपोत्सव के उपलक्ष्य में आम नागरिकों की तरह सपरिवार दीपावली की खरीदारी करने के लिए इंद्रा मार्के ट पहुंचे। यहां कलेक्टर को खरीदारी करते देख दुकानदार और वहां से गुजरने वाले आम नागरिक अचंभित हो गए। श्री शर्मा ने यहां से धनतेरस पर बतौर शगुन रसोई के बर्तन व मिट्टी के दिये खरीदकर जहां एक ओर लोकल के लिए वोकल का संदेश दिया तो वहीं स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहित भी किया।
उल्लेखनिय है कि कलेक्टर कर्मवीर शर्मा ने दीपावली त्योहार के पहले आम नागरिकों से यह अपील की थी कि वे मिट्टी के दिये खरीदकर पर्यावरण को बचाने और गरीब मजदूर-कुुम्हारों को सक्षम बनाने के लिए सहयोग करने आगे आए। इसके लिए उन्होंने पुलिस अधिकारियों को भी निर्देश दिए थे कि सड़कों पर मिट्टी के बर्तन और दिये बेचने वाले कुम्हारों को पर्याप्त सुविधा प्रदान की जाए और उन्हें किसी तरह दुकान हटाने या अन्य किसी बात को लेकर परेशान ना किया जाए। उनकी दुकानें सुनिश्चित करें साथ ही नगर निगम को भी निर्देश दिए कि इनसे किसी प्रकार की बाजार बैठकी ना वसूली जाए। कलेक्टर श्री शर्मा ने त्योहारी सीजन में लोकल के लिए वोकल का आम नागरिकों को संदेश भी दिया और स्थानीय कलाकारों का प्रोत्साहन बढ़ाया।