दो हजार का ईनामी आरोपी गिरफ्तार, दहेज हत्या के मामले में काट रहा था फरारी, साइबर सेल की मदद से एनकेजे पुलिस ने पकड़ा

कटनी, यशभारत। एनकेजे पुलिस ने करीब छह महीने से फरार चल रहे दहेज हत्या के इनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी आशीष मालवीय पर पुलिस अधीक्षक ने 2 हजार रूपए का नगद इनाम घोषित किया था। उसे जबलपुर के खजरी खिरिया बायपास से घेराबंदी कर पकड़ा गया। यह मामला 19 सितंबर 2025 का है, जब सरकारी अस्पताल से एक नवविवाहिता को मृत अवस्था में लाए जाने की सूचना मिली थी। मर्ग जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने एनकेजे पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 80(2) 85 और दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध किया था। घटना के बाद से ही मृतिका का पति आशीष मालवीय फरार चल रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने आरोपी पर 2000 रुपए का नगद इनाम घोषित किया था। एसपी के निर्देशन और एएसपी संतोष डेहरिया व डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई थी। साइबर सेल और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी जबलपुर में छिपा हुआ है। जिसे 29 मार्च को एनकेजे पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जबलपुर के पास से हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गयाए जहां से उसे जिला जेल कटनी भेज दिया गया है। कार्यवाही में एनकेजे थाना प्रभारी रूपेंद्र राजपूत, रंगनाथ नगर थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अरुण पाल सिंह, सहायक उप निरीक्षक मनोज कुड़ापे, प्रधान आरक्षक आरिफ हुसैन, शैलेश दमोहिया, आरक्षक अर्पित पटेल, साइबर सेल कटनी से आरक्षक अजय शंकर साकेत, अमित श्रीपाल, शुभम गौतम, सत्येंद्र राजपूत एवं चंदन की सराहनीय भूमिका रही।






