सतना। रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र के सराय गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक नहर में गिर गया, जिसका शव करीब 24 घंटे बाद बरामद किया जा सका।
पुलिस के अनुसार आशीष साकेत पिता विश्वनाथ साकेत (23) और उसका साथी सचिन साकेत बाइक से रीवा से टिकरिया रिश्तेदारी में आए थे। दोनों नहर के किनारे-किनारे चकेरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सराय गांव के पास किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर संतुलन नहीं बना सके और उछलकर सीधे नहर में जा गिरे। घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने बचाव कार्य शुरू किया और सचिन को नहर से बाहर निकाल लिया। हालांकि आशीष नहर के तेज बहाव में बहकर आंखों से ओझल हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराई गई। नहर प्रबंधन से संपर्क कर पानी की सप्लाई भी बंद कराई गई, लेकिन अंधेरा होने के कारण सर्च ऑपरेशन रोकना पड़ा।
फिर से तलाश शुरू की गई। और घटनास्थल से लगभग 500 मीटर दूर नहर में आशीष का शव बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की पहचान की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है। मामले की जांच जारी है।
Back to top button