तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत : एक गंभीर घायल,मेडिकल कालेज जबलपुर रेफर

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के घंसौर थाना क्षेत्र अंतर्गत मानकसरा ग्राम के समीप बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है, जब अज्ञात वाहन ने तेज रफ्तार में आकर बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों युवक एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान मानकसरा के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार प्रीतम कुडोपा (25 वर्ष) पिता राजेश कुडोपा एवं नीरज उड़ारी (19 वर्ष) पिता वततु उड़ारी की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं हादसे में स्वरूप मारवी (23 वर्ष) पिता दीपसिंह मारवी गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां से उसकी हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर कर दिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही घंसौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपी वाहन और चालक की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में रात के समय गश्त बढ़ाने और सड़क सुरक्षा के ठोस उपाय करने की मांग की है। घंसौर थाने के एसआई शिवकुमार धुर्वे का कहना है कि मर्ग कायम कर मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज गया है और टक्कर मारकर फरार वाहन व वाहन चालक की तलाश की जा रही है।







