तिलवारा में महिला की संदिग्घ मौत : परिजनों ने कहा- दर्द था, अस्पताल में नहीं किया भर्ती


जबलपुर, यशभारत। तिलवारा के रमनगरा में शुक्रवार की देर रात एक महिला की संदिग्घ मौत हो गयी। परिजनों ने कहा कि दर्द था, अस्पताल में भर्ती नहीं कर पाए और महिला ने दम तोड़ दिया। मोहल्ले वालों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस और एफएसएल टीम ने पड़ताल शुरु कर दी है।
पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि श्रीमती शोभा लोधी 36 साल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी। महिला का पति कमल लोधी पेशे से ड्रायवर है। रात को घर के सभी सदस्य खाना खाकर सो गए थे। देर रात महिला ने सीने में दर्द होने की बात कही और थोड़ी देर बाद अचेत हो गयी।
बच्चों के सिर से उठ गया माँ का साया
शोभा लोधी की दो संताने है। जैसे ही माँ अचेत हुई बच्चे माँ के शव से लिपट कर चीखने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को सांत्वना दी और मौके की नजाकत को भांपते हुए पड़ताल शुरु कर दी है। पुलिस ने बताया कि महिला की मौत कैसे हुई, यह पीएम रिपोर्ट में सामने आएगा। फिलहाल मौके पर पहुंची एफएसएल टीम बारीकी से मामले की छानबीन करने में जुटी है।
आसपास से जुटाई जा रही जानकारी
घर में महिला की मौत के बाद मौके पर पहुंची पुलिस आसपास और परिजन व रिश्तेदारों के बयान दर्ज कर रही है। पुलिस की मानें तो महिला की मौत के पीछे अन्य कारण भी हो सकते है। पुलिस हर एंगल से मामले की छानबीन करने में जुटी है।