सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ संभागीय मुख्यालय में ऐतिहासिक तालाब में आज सुबह एक व्यक्ति की शव उतराता हुआ मिला है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर गोपालगंज और कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
यश भारत के संभागीय ब्यूरो को मिली जानकारी के अनुसार मृतक की शिनाख्त तीनबत्ती के पास दवा का व्यवसाय करने वाले सिविल लाइन, कांच मंदिर गली निवासी 49 वर्षीय नारायण उर्फ नारू पिता गिरधारी लाल शर्मा के रूप में हुई है। मृतक बुधवार की देर रात से घर से लापता हो गया था। जिसकी गुमशुदगी की शिकायत आस पड़ोस के परिचितों ने गुरुवार की सुबह थाना सिविल लाइन में दर्ज कराई थी।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक पिछले कुछ समय से बीमारी के चलते मानसिक रूप से परेशान था तथा उसके परिवारजन धार्मिक यात्रा पर राजस्थान गए हुए थे। इसी बीच बुधवार की रात वह घर से लापता हो गया था जिसका शव आज सुबह तालाब में तैरता हुआ मिला है।
थाना गोपालगंज पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों के सागर आने तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण का खुलासा हो सकेगा।
एलिवेटेड कॉरिडोर बना “सुसाइड प्वॉइंट”
सागर तालाब पर बने एलिवेटेड कॉरिडोर से जुड़े इलाकों में बीते कुछ महीनों में कई बार लाशें मिल चुकी हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जीवन से निराश लोगों के लिए एलिवेटेड कॉरिडोर सुसाइडल प्वाइंट बन गया है। अंधेरे और असुरक्षित हिस्सों में निगरानी की कमी के चलते आए दिन यहां इस तरह की घटनाएं सामने आती रहती हैं। नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष बाबू सिंह बब्बू यादव तथा पार्षद दल ने कई बार नगर निगम और जिला प्रशासन का ध्यान इस ओर खींचते हुए कॉरिडोर की बाउंड्री पर ऊंची जाली तथा फ्लड लाइट की व्यवस्था करने की मांग की है लेकिन प्रशासन ने इस मामले में अभी तक कोई संवेदना नहीं दिखाई है।
Back to top button