मंडलाl जिले की बेटियों ने राज्य स्तरीय डोजबॉल में दूसरा स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। बताया गया कि विगत दिवस गुना में आयोजित 17वीं राज्य स्तरीय डोजबॉल प्रतियोगिता में मंडला जिले की महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि ने न केवल खिलाडिय़ों का गौरव बढ़ाया है, बल्कि पूरे जिले को भी गौरवान्वित किया है। ब्लाक खेल समन्वयक शशांक मिश्रा ने बताया कि इस प्रतियोगिता के लिए खिलाडिय़ों का चयन 2 अगस्त को सांदीपनि विद्यालय घुघरी में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता के माध्यम से किया गया था। चयनित खिलाडिय़ों के लिए 3 अगस्त से इसी विद्यालय में 15 दिनों का विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित हुआ। इस शिविर में मुख्य प्रशिक्षक शशांक मिश्रा के मार्गदर्शन में सहायक प्रशिक्षक निहाल शुक्ला, रोहित नंदा और रामवती परते ने खिलाडिय़ों को खेल की बारीकियों से अवगत कराया। कड़ी मेहनत और समर्पण के बाद टीम ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया और उपविजेता बनकर उभरी।
खिलाडिय़ों की इस सफलता पर डोजबॉल संघ और मंडला जिला खेल विभाग ने बधाई दी है। संरक्षक और बिछिया विधायक नारायण सिंह पट्टा, संघ अध्यक्ष अशोक भलावी, जिला खेल एवं युवक कल्याण अधिकारी विकास खाड़ाकर, सांदीपनि विद्यालय प्राचार्य महेंद्र सिंह चौधरी, तक्षशिला विद्या निकेतन स्कूल के प्राचार्य संजीव कुमार पांडेय, खो-खो प्रशिक्षक आकाश खत्री, हैंडबॉल प्रशिक्षक सोना दुबे, अरविंद पटले, खेल और युवा कल्याण विभाग के केदार ठाकरे, ब्लाक खेल समन्वयक रामवती परते, करुणा मर्सकोले, त्रिलोक डोंगरे, पंकज उसराठे, गंगाराम मरावी, रामनाथ धुर्वे, उमेश नंदा, अरविंद झारिया और अरविंद कुसराम समेत सभी खेल प्रेमियों ने खिलाडिय़ों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।