डॉक्टर फंदे पर झूली : सुसाइड नोट में युवक का जिक्र किया और लिखा- आई लव यू

भोपाल में BDMS महिला डॉक्टर ने फांसी लगा ली। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची, उससे पहले उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस को सुसाइड नोट मिला है। इसमें उन्होंने मौत के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं बताया है।
डॉक्टर ने सुसाइड नोट में लिखा कि वे अपनी मर्जी से खुदकुशी कर रही हैं। इसमें किसी का कोई लेना-देना नहीं है। वे यहां किराए के फ्लैट में रहकर एक प्राइवेट क्लिनिक में प्रैक्टिस कर रही थीं। शाम को क्लिनिक नहीं पहुंचने पर डॉक्टर और स्टाफ घर पहुंचा था। इसके बाद मामले का खुलासा हुआ। घटना रविवार शाम की है।
मूलत: सिंगरौली की रहने वाली 29 साल की सुधाश्री सोनी पिता कैलाश वर्मा ने आरकेडीएफ कॉलेज से BDMS किया है। सुधाश्री भोपाल में सागर, रॉयल विला के फ्लैट में किराए से रहती थी। एएसपी राजेश सिंह भदौरिया ने बताया कि सुधाश्री शक्ति नगर में किसी डॉक्टर के पास प्रैक्टिस कर रही थी। रविवार शाम करीब साढ़े 7 बजे क्लिनिक नहीं पहुंची, तो डॉक्टर ने उन्हें फोन लगाया।
कई बार फोन लगाने के बाद भी जवाब नहीं मिला। वे अपने स्टाफ के साथ उसके फ्लैट पर आए। पड़ोसियों की मदद से उन्होंने काफी देर तक दरवाजा खटखटाया, लेकिन जवाब नहीं दिया। पड़ोसियों ने सुधाश्री के पिता से बात करने के बाद उनकी सलाह से पुलिस को बुलाया।
पुलिस ने दरवाजा तोड़ा
मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा। अंदर पहुंचने पर पुलिस को सुधाश्री एक दुपट्टे के फंदे पर लटकी मिली। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद सुधाश्री के परिजन भी भोपाल के लिए रवाना हो गए। उनके आने के बाद ही शव को पोस्टमार्टम किया जाएगा। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट मिला, लेकिन उसने मौत के लिए किसी को दोष नहीं दिया। उसने नोट में एक जगह एक युवक का जिक्र करते हुए आई लव यू बस लिखा है।