
भोजपुर में एक बर्थ-डे पार्टी से लौट रही डांसर और सिंगर को बदमाशों ने गोली मार दी। दोनों का गंभीर हालत में इलाज जारी है। दोनों प्रोग्राम खत्म कर लौट रहे थे, तभी रास्ते में रोककर दोनों को गोली मारी गई। बताया जा रहा है कि प्रोग्राम में कुछ लड़के लड़की को स्टेज से नीचे उतरकर डांस करने के लिए बोल रहे थे। उसने मना किया तो रास्ते में रोककर गोली मार दी।
दोनों को मंगलवार रात संदेश थाना क्षेत्र के जनईडीह गांव के पास गोली मारी गई। डांसर और सिंगर पंचायत समिति सदस्य के बेटे की बर्थडे पार्टी में डांस कर के लौट रहे थे। गायक को गोली दाहिने पैर के जांघ पर लगी है। और नर्तकी को गोली दाहिने पैर में घुटने के नीचे लगी है। गोली लगते ही दोनों खून से लथपथ जख्मी हालत में सड़क पर गिर पड़े। जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार करने के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है।