ट्रिपल मर्डर : 10 आरोपी गिरफ्तारः जमीन पर कब्जे करने के लिए पिता और दो बेटों की हुई हत्या

डिंडौरी l डिंडौरी के गाड़ासरई थाना क्षेत्र में हुए ट्रिपल मर्डर मामले में पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है , वही इस घटना को लेकर क्षेत्र में अभी भी दहशत का माहौल हैl पूरा मामला जमीनी विवाद से जुड़ा हुआ है जहां पिता और दो बेटों की हत्या कर दी गई थीl
बताया जाता है कि 1957 में मृतक धरम सिंह को आरोपी पक्ष के पिता स्वर्गीय खेत सिंह ने लालपुर सानी गांव में 23 एकड़ जमीन दी थी, लेकिन आरोपियों ने करंजिया नायब तहसीलदार के यहां केस लगाकर वर्ष 2012-13 में धरम सिंह के परिवार जनों का नाम हटा दिया। इसके बाद धरम सिंह ने 2014-15 में अपर कलेक्टर न्यायालय में केस लगाया। अपर कलेक्टर ने नायब तहसीलदार के आदेश को यथावत रखा। फिर धरम सिंह ने 9 अक्टूबर 2017 को द्वितीय व्यवहार न्यायालय में केस दर्ज कराया, जो अभी भी विचाराधीन है। निर्णय नहीं होने की वजह से दोनों पक्षों में आए दिन विवाद होता रहता था।
घनश्याम मरावी ने धरम सिंह के खिलाफ थाने में अपराध दर्ज कराया था। 10 सितंबर को सीजेएम न्यायालय में चालान पेश किया गया। वहां केस विचाराधीन है। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की थी।
एसपी ने बताया कि घटना के बाद से शनिवार को घनश्याम मरावी, कवल सिंह, पतिराम मरावी, कार्तिक मरावी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया गया था। आरोपी जीवन मरावी को धनौली, शंकर मरावी और लोक सिंह को घानामार से, अनूपपुर जिले के राजेन्द्र ग्राम के जंगल से सोन सिंह और डिंडौरी से सोन सिंह मरावी, सरवन मरावी को गिरफ्तार किया गया है।