टेंट हाउस में आग से लाखों का नुकसान, कटनी से 2 घंटे बाद उमरियापान पहुंची फायर बिग्रेड, ग्रामीणों ने पाया आग पर काबू


कटनी/उमरियापान, यशभारत। उमरियापान के दीपू टेंट हाउस की गोदाम में आग लगने के कारण 6 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। अग्निकांड की जानकारी लगते ही पूरे क्षेत्र में हडक़ंप मच गया और थाना प्रभारी दिनेश तिवारी स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे तो वहीं बड़़ी संख्या में आम लोग भी मदद के लिए एकत्रित हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उमरियापान से लगे कुदवारी गांव में दीपू टेंट हाउस की गोदाम में दशहरा पर्व को देखते हुए कर्मचारी रोजाना की तरह कल भी सुबह से रिपेरिंग का काम कर रहे थे। शाम को 4.30 बजे गोदाम में ताला लगाकर सभी कर्मचारी उमरियापान की दीपू टेंट की दुकान पहुंचे थे और 4.50 बजे कर्मचारियों के पास कुदवारी गांव के लोगों ने फोन कर के जानकारी दी की गोदाम के अंदर से तेज धुआं निकल रहा है। मौके पर कर्मचारी पहुंचे तो गोदाम के चारों ओर से तेज धुआं निकलता देख टेंट संचालक दीपू बर्मन को जानकारी दी। आग लगने की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सहित उमरियापान से बड़ी तालाब में लोग मौके पर पहुंचे।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने का अनुमान
मौके पर पहुंचे लोगों ने शटर का ताला खोला तो गोदाम के अंदर इतना अधिक धुआं था की किसी की अंदर जाने की हिम्मत नहीं पड़ रही थी। आखिरकार कर्मचारियों और अन्य लोगों ने हिम्मत करके गोदाम के अंदर पहुंचे और मोटर पंप चालू करके लगभग 1.30 घंटे में आग पर काबू पाया गया। हालांकि कब तक 6 से 7 लाख रुपए का सामान जलकर खराब हो गया था। टेंट के संचालक दीपू बर्मन ने बताया की 200 नग गद्दा, 200 नग रजाइययां, 4 जोड़ी दूल्हा दुल्हन के महाराजा सेट, 2 जोड़ी सोफा सेट और बड़ी संख्या में लाइटें, 10 से 15 बंडल वायर, तीन नग भाषण देने वाले डेक्स सहित अन्य सामान जलकर खराब हुए हैं। मौके पर पहुंचे लोगों ने आग लगने का नजारा देखकर कहा कि आग ऊपर वाले फ्लोर में लगी थी। यदि 5 हाथ और बढक़र फोम के गद्दों तक पहुंच जाती तो गोदाम के अंदर कुछ भी बचपाना मुश्किल था और भारी भरकम नुकसान होता। वहीं आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट से बताया जा रहा है।
फायर बिग्रेड आने में देरी
उमरियापान में आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड विभाग को तत्काल 5 बजे दी गई। लेकिन जिला मुख्यालय से 2 घंटे में पहुंची फायर बिग्रेड गाड़ी पहुंची, तब तक जो सामान जलना था जल चुका था और ग्रामीणों ने आग पर काबू पाकर जो सामान बचाना था बचा चुके थे। वहीं जब गाड़ी पहुंची तो घटना स्थल से 90 प्रतिशत लोग वापस आ चुके थे। क्षेत्र वासियों का कहना है की यदि ढीमरखेड़ा तहसील में फायर ब्रिगेड गाड़ी उपलब्ध होती तो तत्काल मौके पर पहुंच जाती और थोड़ा बहुत ही नुकसान हो पाता। फायर ब्रिगेड गाड़ी ने पहुंचकर अपनी औपचारिकताएं पूरी की और कुछ देर बाद वापस कटनी के लिए रवाना होगी। इस दौरान बड़ी संख्या में उमरियापान और कुदवारी गांव के ही लोग मदद के लिए एकत्रित हो गए थे और आग को काबू करने में सफलता हासिल की, जिससे भारी भरकम नुक्सान होने से बचा लिया गया।







