सतना। स्टेट जीएसटी की एंटी-इवेजन ब्यूरो (AEB) ने सतना शहर के तीन बड़े ज्वेलरी शोरूम पर तीन दिनों तक चली कार्रवाई में बड़ा खुलासा किया है। जांच के दौरान आनंद आदित्य ज्वेलर्स ने टैक्स और अर्थदंड मिलाकर 40 लाख रुपए जमा किए हैं। वहीं कान्हा ज्वेलर्स और न्यू कान्हा ज्वेलर्स में जांच तो पूरी हो गई, लेकिन रविवार को बैंक अवकाश होने के कारण टैक्स जमा नहीं हो सका, जिसके चलते दोनों शोरूम को दोबारा सीज कर दिया गया है।
दो शोरूम सीज, टैक्स जमा न होने पर कड़ी कार्रवाई
कान्हा ज्वेलर्स और न्यू कान्हा ज्वेलर्स में टैक्स निर्धारित हो चुका है, लेकिन बैंक बंद होने से राशि जमा न हो पाने के चलते अधिकारियों ने दोनों प्रतिष्ठानों को फिर से सील कर दिया। अब टैक्स जमा होने के बाद ही शोरूम खोले जाएंगे।
एक साथ पड़ी थी बड़ी रेड
स्टेट जीएसटी AEB की टीम ने शुक्रवार शाम हनुमान चौक और फूलचंद चौक स्थित इन तीनों ज्वेलरी शोरूम और उनके कारखानों पर एक साथ दबिश दी थी।इस बड़े अभियान में 24 से अधिक अधिकारी शामिल रहे।
कार्रवाई के दौरान स्टॉक, खरीद-बिक्री रजिस्टर, बिलिंग सिस्टम और टैक्स भुगतान से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच की गई।
आनंद आदित्य की त्वरित भुगतान से राहत
जांच में टैक्स अनियमितता सामने आने के बाद आनंद आदित्य ज्वेलर्स ने तत्परता दिखाते हुए टैक्स व जुर्माना मिलाकर लगभग 40 लाख रुपए जमा कर दिए, जिससे शोरूम को सीज नहीं किया गया।
शहर में चर्चा का विषय बनी कार्रवाई
तीन दिन से शहर में जारी इस बड़ी कार्रवाई ने व्यापारियों और बाजार में हलचल मचा दी है। अधिकारियों के अनुसार टैक्स चोरी को रोकने के लिए आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Back to top button