जानसन नाइजीरिया पहुंचा, अब दूसरा नाइजीरियाई पुलिस का मेहमान

जबलपुर, । नाइजीरिया निवासी जानसन ऊनू पिता ओगबन्ना 35 वर्ष अपने देश पहुंच गया है। जबलपुर से एसआइ वीरेंद्र उइके के नेतृत्व में पुलिस टीम ट्रेन मार्ग से उसे लेकर मुंबई पहुँची थी। जहां से अंतरराष्ट्रीय विमान द्वारा उसे नाइजीरिया भेज दिया गया। जॉनसन के जाने के बाद अब एक और नाइजीरियाई युवक पुलिस का मेहमान बना है जिससे खमरिया थाना के डिटेंशन सेंटर में रखा गया है। इधर, जानसन को खमरिया पुलिस ने वर्ष 2017 में डुमना विमानतल से गिरफ्तार किया था। जाली पासपोर्ट व वीजा के मामले में उसके खिलाफ धारा 420, 467, 468 व फारेनर एक्ट के तहत एफआइआर दर्ज की गई थी।
कोर्ट ने उसे चार साल की सजा से दंडित किया था। सजा पूरी होने के बाद उसे 12 मई को सेंट्रल जेल से रिहा किया गया था। कोर्ट ने निर्देश दिया था कि सजा पूरी हो जाने के बाद जानसन की वतन वापसी कराई जाए। वतन वापसी तक उसे डिटेंशन सेंटर में रखने के निर्देश दिए थे। जिसके बाद पुलिस दूतावास से संपर्क कर उसके लिए पासपोर्ट बनवाने की कोशिश में जुटी थी।
इधर, जानसन के स्वदेश लौटने के बाद दूसरा नाइजीरियाई युवक पुलिस का मेहमान बना है। खमरिया थाना के डिटेंशन सेंटर में उससे सुरक्षा व्यवस्था में रखा गया है। पुलिस का कहना है कि नाइजीरियाई युवक के पास वैध पासपोर्ट और वीजा नहीं है। पासपोर्ट और वीजा के लिए भारतीय दूतावास से पत्राचार किया गया है। वैध पासपोर्ट और वीजा के बगैर उसे जबलपुर में पकड़ा गया था। पुलिस का कहना है कि भारतीय दूतावास से पासपोर्ट और वीजा संबंधी प्रक्रिया पूरी होने के पश्चात युवक को नाइजीरिया भेज दिया जाएगा।