
शिवपुरी में 6 साल की भतीजी की रेप के बाद हत्या करने वाले चाचा को पुलिस ने रविवार काे गिरफ्तार कर लिया। उसकी दरिंदगी और हैवानियत का सच रोंगटे खड़े करने वाला मिला। गांव के लिए नासूर बन चुका आरोपी पुलिस गिरफ्त में आया तो गांववालों ने भी सालों से दिल में दबे राज उगल दिए।
आरोपी का गांव में ऐसा आतंक था कि लड़की और महिलाएं उसके घर के पास से भी नहीं गुजरती थीं। इस हैवान की दरिंदगी का शिकार महिलाएं, लड़कियां ही नहीं, गाय, भैंस, भेड़ और बकरियां तक हो चुकी हैं। इसके वहशीपन से तंग आकर उसके भाई ने ही उसका एक पैर काट दिया था। उसने तीन शादी की। इसमें से दो पत्नियों की मौत हो गई, जबकि एक पत्नी छोड़कर चली गई।
5 साल की उम्र से ही हरकतें शुरू कर दीं
गांववालों ने बताया कि आरोपी के आतंक की कहानी तो 5 साल की उम्र से ही शुरू हो गई थी। बचपन से ही आरोपी को चोरी और लूटपाट में मजा आने लगा था। थोड़ा बड़ा हुआ तो मां-बाप, बड़े भाई और दादी को मारना-पीटना शुरू कर दिया। लूटपाट के साथ ही उसकी नजरें लड़कियों और महिलाओं की ओर भी उठने लगीं। वह बस मौके इंतजार में रहता, कोई लड़की या महिला मिले तो उसके साथ छेड़छाड़ या हरकत करने से नहीं चूकता था।
माता-पिता ने गांव छोड़ा, दादी के साथ रहता था
आरोपी गांव में अपनी दादी के साथ रहता था। आरोपी की मारपीट से परेशान होकर भाई अलग रहने लगा। माता-पिता भी मजदूरी करने शहर गए तो फिर वापस नहीं आए। आरोपी कोई काम-धंधा नहीं करता है। दादी की माने तो घर के सामान बेचकर या गिरवी रखकर पैसों का जुगाड़ करता है। सरकारी राशन जो मिलता है, उसे भी बेचकर काम चलाता है। उसकी हरकतें ऐसी हैं कि सगे भाई ने ही परेशान होकर 5 साल पहले उसका पैर काट दिया था। हालांकि, पैर कट जाने के बाद भी उसकी हरकतें कम नहीं हुईं। भाई का कहना है कि मैंने सोचा था कि अगर मैं उसका पैर काट दूंगा तो उसका आतंक खत्म हो जाएगा, लेकिन ऐसा हो नहीं सका।
तीन शादी की, दो पत्नियों की मौत, एक छोड़कर भागी
आरोपी की दादी का कहना है कि आरोपी की 15 साल पहले पहली शादी हुई थी। जिसकी 1 साल बाद संदिग्ध हालत में मौत हो गई थी। गांववालों का कहना है कि आरोपी ने ही उसकी हत्या की थी। दूसरी पत्नी शादी के 2 दिन बाद ही घर छोड़कर भाग गई थी। ग्रामीणों का कहना है कि फिर उसकी तीसरी शादी हुई। डेढ़ साल बाद तीसरी पत्नी की भी डिलीवरी के समय माैत हो गई।