जबलपुर में सरसो, सोयाबीन एवं धनिया के डंठल से बन रहा था गरम मसालाः अंजना गृह उद्योग में क्राइम ब्रांच – खाद्य विभाग की रेड

जबलपुर, यशभारत। औद्योगिक क्षेत्र रिछाई स्थित अंजना गृह उद्योग में क्राइम ब्रांच और खाद्य विभाग ने संयुक्त रेड मारते हुए लाखों रूपयों का नकली और घटिया मासाला बरामद किया है। फेक्टरी में सरसो, सोयाबीन एवं धनिया के डंठल से गरम मासाला और धनिया पाउडर तैयार किया जा रहा था।
थाना प्रभारी रांझी विजय सिंह परस्ते ने बताया कि आज गुरूवार को क्राईम ब्रांच को सूचना मिली कि औद्योगिक क्षेत्र रिछाई में अंजना गृह उद्योग मसाला फैक्ट्री में मिलावटी मसाले बनाये जा रहे हैं। सूचना पर क्राईम ब्रांच एवं थाना स्टाफ द्वारा संयुक्त रूप से दबिश दी गयी, औद्योगिक क्षेत्र रिछाई में अंजना गृह उद्योग मसाला फैक्ट्री में दबिश दी गयी जहां फैक्ट्री मालिक वैदिक राठौर पिता विजेन्द्र सिंह राठौर उम्र 28 वर्ष निवासी कछियाना लार्डगंज का मिला, जिसे सूचना से अवगत कराते हुये चैकिंग की गयी तो बोरियों में धनिया के डंठल, एवं धनिया तथा अन्य गरम मसाले एवं तैयार किया हुआ एवन कम्पनी का धनिया पाउड एवं गरम मासला पैक किया हुआ था खडा धनिया, जीरा, काली मिर्च, धनिया के डंठल, आदि भरे हुये मिले। सूचना पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद धुर्वे, मुकुंद झारिया एवं श्रीमति देवकी सोनवानी की संयुक्त टीम पहुंची,।

खाद्य अधिकारियों की उपस्थिति में चैकिंग की गयी तो पैक धनिया पाउडर 32 बोरियां कीमती 1 लाख रूपये की, तैयार धनिया पाउडर 37 बोरी कीमती 1 लाख 15 हजार रूपये के, सरसो, सोयाबीन, धनिया के डंठल 52 बोरी डंठल एवं धनिया मिलाकर तैयार किया हुआ पाउडर 250 किलो कीमती 30 हजार रूपये का रखा हुआ मिला, इसके साथ ही मिर्च पाउडर, गरम मसाला पाउडर, हल्दी पाउडर एवं पापड़ भी पैक किये हुये तथा फैक्ट्री में मसाला पीसने हेतु चक्की कीमती 5 लाख रूपये की एवं पाउच पैकिंग मशीन कीमती डेढ लाख रूपये की लगी हुई मिली। खाद्य अधिकारियों द्वारा सभी मसालों के सैम्पल परिक्षण हेतु लियेे जाकर फैक्ट्री को सील किया गया है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी का प्रतिवेदन प्राप्त होने पर अग्रिम कार्यवाही की जायेगी।

मसाला तैयार करने का तरीका- सरसो, सोयाबीन एवं धनिया के डंठल को कडाई में भूंजकर चक्की मे पीसकर धनिया पाउडर एवं गरम मसाला में मिलाकर, तैयार मसाले को एवन के रैपर में मशीन से पैक कर बाजार मे सप्लाई किया जाता था।
अंजना गृह उद्योग मसाला फैक्ट्री के मालिक वैदिक राठौर ने पूछताछ पर जबलपुर के अलावा, कटनी , मैहर, सतना, रीवा ,शहडोल, सिंगरोली, नरसिंहपुर आदि जिलों में तैयार किया हुआ माल सप्लाई करना स्वीकार किया है।







