जबलपुर की बेटी ने बिलासपुर डॉक्टर परिवार पर दर्ज कराई एफआईआर: 20 लाख नहीं मिलने पर घर से निकाला, जेवर भी छीने

जबलपुर, यशभारत। बिलासपुर डॉक्टर परिवार पर मदन-महल थाने में दहेज का प्रकरण दर्ज किया गया है। विजय नगर निवासी महिला ने ससुराल पक्ष पर 20 लाख नहीं देने पर घर से निकाले जाने का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
मदनमहल पुलिस के अनुसार विजय नगर निवासी पारूल तिवारी ने लिखित शिकायत में बताया कि उसने साल 2015 में बिलासपुर निवासी डॉक्टर रजत तिवारी से प्रेम विवाह किया था। शादी के कुछ साल तो ठीक से गुजरे लेकिन बाद में पति-सास, ससुर और जेठ-जेठानी मायके से 20 लाख रूपए लाने का दवाब बनाने लगे। दहेज की रकम लाने से मना करने में पति सहित ससुराल पक्ष के लोग प्रताडि़त करने लगे। बीते दिनों हद हो गई जब ससुराल पक्ष के लोगों ने घर से धक्का मारकर बाहर कर दिया साथ ही शादी में जो जेवर मिले थे वह भी अपने पास रख लिए।
लव मैरिज से खुश नहीं ससुराल पक्ष
मदनमहल पुलिस ने बताया कि युवती ने शिकायत में बताया कि लव मैरिज से उसके परिवार वाले तो राजी हो गए लेकिन ससुराल पक्ष के लोग इसके पक्ष में नहीं थे। दवाब में आकर घर की बहू तो बना लिया लेकिन दहेज की मांग कर प्रताडि़त करने लगे। पुलिस ने युवती की शिकायत पर ससुराल पक्ष पर दहेज अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया।