खमरिया में शादी की खुशियों के बीच पसरा मातम : समारोह में कॉफी मशीन में हुआ ब्लास्ट, एक की मौत, दो घायल


जबलपुर, यशभारत। खमरिया के रिठौरी ग्रावं में शादी की खुशियों के बीच उस समय माहौल गमगीन हो गया जब शादी समारोह में पार्टी के दौरान काफी मशीन में जोरदार आवाज के साथ हुए ब्लास्ट में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गयी। तो वहीं दो बच्चे बुरी तरह झुलस गए। हादसे के बाद पार्टी में भगदड़ मच गयी। वहीं, घायलों को जबलपुर में एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। इस हादसे के बाद क्षेत्र में सनसनी है।
खमरिया पुलिस के अनुसार रिठौरी ग्राम में सीताराम बंजारा के यहां शादी थी। जहां अचानक कॉफी मशीन फट गयी। जिसमें घंसौर निवासी गोपाल बंजारा की उपचार के दौरान मौत हो गयी। वहीं मासूम अंशिका बंजारा व एक अन्य बच्चा भी बुरी तरह झुलस गए। जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर में एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस स्टाफ घटना स्थल पहुंचा, घटना कैसे हुई इसकी छानबीन की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर कैटर्स की लापरवाही के कारण हादसा होना पाए जाने पर संचालक अखिलेश चौधरी के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।