
पंजाब में कोरोना के बढ़ते खतरे को देखते हुए राज्य सरकार ने नई गाइडलाइन जारी की है। इसके तहत फुली वैक्सीनेटेड लोगों को ही दफ्तर जाने की अनुमति होगी। इसमें सरकारी और प्राइवेट दोनों दफ्तर शामिल हैं। बार, सिनेमा हॉल, मॉल, रेस्तरां और स्पा को 50% कैपिसिटी के साथ चलाने का आदेश दिया गया है। इसके लिए कर्मचारियों को भी वैक्सीन की दोनों डोज लगी होनी जरूरी है। राज्य में रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू लगाया गया है।
वहीं, कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच दिल्ली AIIMS ने 5 से 10 जनवरी के विंटर वैकेशन को रद्द कर दिया गया है। AIIMS प्रशासन ने सभी फैकल्टी मेंबर्स को तत्काल प्रभाव से ड्यूटी जॉइन करने को कहा है।
कोरोना अपडेट्स
- BJP सांसद मनोज तिवारी मंगलवार को कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। मनोज तिवारी ने ट्टीट कर बताया कि वे 2 जनवरी की रात से ही बीमार महसूस कर रहे थें। हल्के बुखार और ज़ुकाम होने के बाद उन्होंने टेस्ट कराया, जिसमें वह कोरोना पॉजिटिव मिले।
- ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया(DCGI) की सब्जेक्ट एक्सपर्ट कमेटी (SEC) मंगलवार को मीटिंग करेगी। इसमें भारत बायोटेक की नाक से दी जाने वाली कोरोना वैक्सीन के आवेदन की जांच की जाएगी। मीटिंग में वैक्सीन को बूस्टर शॉट के तौर पर मंजूरी भी दी जा सकती है।
- महाराष्ट्र में भिवंडी के एक आश्रम स्कूल के 28 छात्रों और 2 स्टाफ सहित 30 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं।
- छत्तीसगढ़ में बस्तर के चिंतागुफा के CRPF कैंप में 38 जवानों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सभी जवानों को बैरक में ही क्वारैंटाइन किया गया है।
- तिहाड़ के विभिन्न जेलों में दो कैदी और 6 कर्मचारी कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। इससे पहले जुलाई 2021 में यहां संक्रमण के केस मिले थे।
- कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने खुद को आइसोलेट कर लिया है। उनके परिवार का एक सदस्य और एक स्टाफ कोरोना संक्रमित मिला है।
- केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडे की कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। उन्हें कौशांबी स्थित यशोदा सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
अरविंद केजरीवाल को हुआ कोरोना, कल देहरादून में बिना मास्क के रैली की थी
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को कोरोना हो गया है। केजरीवाल ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। संक्रमण का पता चलने पर उन्होंने खुद को क्वारैंटाइन कर लिया है। अरविंद केजरीवाल पंजाब और उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी के लिए चुनाव प्रचार कर रहे हैं। सोमवार को केजरीवाल ने देहरादून में रैली की थी। इस दौरान उन्होंने मास्क नहीं पहना था।