कैंट में दीवार गिरने से मजदूर की मौत : जीओ कंपाउंड में जिस दीवार को तोड़ रहा था श्रमिक, वहीं भरभराकर गिरी

जबलपुर, यशभारत। कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत जीओ कंपाउंड में दीवार गिरने से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गयी। दरअसल कंपाउंड में श्रमिक दीवार तोड़ रहा था, लेकिन वहीं दीवार भरभराकर श्रमिक के ऊपर गिर गयी। जिसमें दबने से श्रमिक बुरी तरह घायल हो गया। जिसके बाद आनन-फानन में श्रमिक को अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां श्रमिक ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने सूचना के बाद मर्ग कायम कर, मामला जांच में लिया है।
पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि रामकिशन नागेश उम्र 40 वर्ष पानी की टंकी के पास पुलिस चौकी के सामने गोराबाजार में रहता था और पेशे से श्रमिक होने के चलते जीओ कंपाउंड में दीवार तोडऩे का कार्य कर रहा था। यकायक दीवार रामकिशन के ही ऊपर गिर गयी। मलबे में दबे रामकिशन को तत्काल अन्यसाथियों से मलबे से निकाला और अस्पताल में भर्ती करवाया जहां श्रमिक की मौत हो गयी। मुस्तैद पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर, पूरे मामले की बारीकी से पड़ताल कर रही है।