मध्य प्रदेशराज्य

किसानों को उनकी उपज का वाजिब दाम मिलेगा , प्रदेश को दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में देश में बनाया जाएगा प्रथम : मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव

मुख्यमंत्री ने जैसीनगर से किया पाइप लाईन के माध्यम से घर-घर गैस पहुंचाने की योजना का शुभारंभ , अन्न सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम की शुरुआत

Table of Contents

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ प्रदेश कें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में जहां भी सोयाबीन की फसल अतिवृष्टि अथवा बीमारी के कारण खराब हुई है। ऐसे सभी क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त सोयाबीन की फसल का सर्वे कराया जा रहा है। उन्होंने कहा है कि सर्वे के पश्चात किसानों को क्षतिग्रस्त सोयाबीन की फसल का समुचित मुआवजा भी दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज सागर जिले के सुरखी विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत जैसीनगर में पं. दीन दयाल उपाध्याय के जन्मदिवस पर आयोजित मुख्यमंत्री अन्न सुरक्षा संकल्प जागरूकता अभियान समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा सोयाबीन की फसल का एमएसपी रेट 5300 रू. निर्धारित किया गया है। मध्यप्रदेश के सोयाबीन उत्पादक किसानों को भी यही रेट दिया जाएगा। किसी भी किसान को घाटा नहीं सहने दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में धान पर भी बोनस बढ़ाया गया है। किसानों को भावांतर भुगतान योजना के माध्यम से उनके खाते में बोनस का पैसा दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि एमएसपी से कम दर पर फसल बेची जाती है तो फसल का घाटा सरकार द्वारा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश के किसानों की जिदंगी अच्छी और खुशहाल बने इसके लिए किसान सम्मान निधि केन्द्र सरकार और मध्यप्रदेश सरकार द्वारा दी जा रही है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के लाड़ली बहनों के जीवन में खुशियां लाने के लिए लाड़ली बहनों को दीपावली की भाईदूज से हर माह 1500 रू. की राशि दी जाएगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास योजनाएं चलाने के लिए मध्यप्रदेश सरकार के पास पैसे की कमी नहीं है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में कृषि के साथ-साथ पशुपालन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। आज मध्यप्रदेश दुग्ध उत्पादन में तीसरे स्थान पर है। मध्यप्रदेश को हम दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में पहले नंबर पर लाने का प्रयास कर रहे है। इसके लिए मध्यप्रदेश में किसानों को गाय पालने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गौशाला खोलने पर किसानों को लभगग 40 लाख रू. की राशि मुहैया कराई जा रही है। जिसमें 10 लाख रू. का अनुदान दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिनके घर गाय है वह गोपाल है, मध्यप्रदेश का हर बच्चा कृष्ण है। भगवान श्री कृष्ण हो या भगवान श्री राम इनके जीवन का एक एक प्रसंग हम सभी को प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि भगवान श्री कृष्ण का एक नाम दीनदयाल भी है, दीनदयाल यानि गरीब से गरीब आदमी की चिंता करने वाला। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार सभी गरीबों की चिंता कर रही है। पं. दीन दयाल उपाध्याय के विचारों को आत्मसात करते हुए मध्यप्रदेश सरकार गरीब से गरीब व्यक्ति के जीवन में खुशहाली लाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि भगवान श्री कृष्ण ने गाय और मोर पंख का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने गौवंश हत्या को प्रतिबंधित करने का सख्त कानून बनाया है, इस कानून का उल्लंघन करने वालों पर सख्त सजा का प्रावधान भी किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार मध्यप्रदेश में गौवंश के संरक्षण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सरकार ने गाय के संरक्षण हेतु प्रति गाय 40 रू. तक का खर्च बढ़ाया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज मैं बुंदेलखंड की धरती पर आया हूं तो मुझे अत्यंत गौरव महसूस हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह बुंदेलखंड की धरती हीरों, वीरों और महावीरों की धरती है। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड की धरती ने अपने स्वाभिमान की रक्षा के लिए देश भक्ति की मिसाल पेश की है।

समारोह में मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री अन्न सुरक्षा संकल्प कार्यक्रम एवं सिंगल विंडो पोर्टल का शुभारंभ करते हुए कहा कि सिटी गैस पोर्टल के माध्यम से गांव -गांव तक गैस का कनेक्शन घर-घर तक मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज इसकी शुरुआत जैसीनगर से हो रही है। उन्होंने कहा कि सिंगल विंडो के माध्यम से सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क से कंपनियों द्वारा घर घर गैस कनेक्शन देने का काम किया जाएगा।

समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि मध्यप्रदेश में राशन वितरण व्यवस्था को और अधिक बेहतर और पारदर्शी बनाने के लिए प्रदेश में आज मुख्यमंत्री अन्न सुरक्षा संकल्प जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ है। इससे राशन लेने वालों की कतार खत्म हो जाएगी। हर परिवार का नाम एसएमएस मोबाइल पर होगा। राशन वितरण कार्यक्रम में पारदर्शिता आएगी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में घर घर तक गैस का वितरण पाईप लाईन के माध्यम से होगा। इस कार्य की भी आज से शुरुआत हुई है। खाद्य नागरिक आपूर्ति मंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश राशन वितरण व्यवस्था को और अधिक बेहतर और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से वर्ष में 2 बार ग्राम सभाओं में राशन लेने वाले हितग्राहियों के नामों का वाचन किया जाएगा।

समारोह को सांसद लता वानखेड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरासिंह राजपूत, विधायक नरयावली प्रदीप लारिया ने भी संबोधित किया। समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा लगभग 215 करोड़ के निर्माण कार्याें का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री द्वारा समारोह में मुख्यमंत्री अन्न सुरक्षा संकल्प योजना एवं सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन सिंगल विंडो पोर्टल का शुभारंभ किया गया। समारोह में विधायक बीना श्रीमती निर्मला सप्रे, श्याम तिवारी, गौरव सिरोठिया, पूर्व विधायक नारायण प्रसाद कबीरपंथी, राजेंद्र सिंह मोकलपुर, अरुणोदय चौबे, श्रीमती पारुल साहू, पुलिस महानिरीक्षक श्रीमती हिमानी खन्ना, कलेक्टर संदीप जी आर, एसपी विकास शाहवाल, सीईओ जिला पंचायत विवेक के वी, अपर कलेक्टर अविनाश रावत सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने छोटे से बालक से सीखा शह और मात का खेल 

   राजनीति के मर्मज्ञ माने जाने वाले मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सागर जिले के जैसीनगर में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने के दौरान छोटे से बालक के साथ शतरंज का खेल ,खेलकर शह और मात के गुर सीखे। इस दौरान प्रदेश के खाद्य उपभोक्ता संरक्षण एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद राजपूत ने भी चुटकियां लेते हुए खेल का आनंद लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button