मंडला lमध्य प्रदेश के कान्हा नेशनल पार्क में एक साल पुराने तेंदुए की मौत के मामले का पर्दाफाश हुआ है। वन विभाग ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से तेंदुए के नाखून बरामद हुए हैं।वन विभाग को 25 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली। एक व्यक्ति वन्य प्राणी के अंग बेचने की कोशिश कर रहा था। टीम ने मलाजखंड के कंचन नगर में घेराबंदी की। तलाशी में पटपरा निवासी धीरसिंह उइके से तेंदुए के तीन नाखून मिले। पूछताछ में पता चला कि नाखून खटिया निवासी चेतराम पंद्रे से मिले थे।वन विभाग ने चेतराम को भी पकड़ लिया। उसने बताया कि एक साल पहले किसली क्षेत्र में चीतल के शिकार के लिए करंट का जाल बिछाया था। इसमें तेंदुआ फंस गया और उसकी मौत हो गई। आरोपियों ने शव को मैदान में दफना दिया। टीम ने किसली के चुप्पे मैदान से तेंदुए की हड्डियां और अवशेष बरामद किए।
वन्यजीव विशेषज्ञ डॉ.संदीप अग्रवाल, डॉ.आशीष वैध ने एनटीसीए की शिवांगी वेन्द्रे, वन्यप्राणी विशेषज्ञ चंद्रेश खरे, डिप्टी डायरेक्टर बफर अमिता केबी, फील्ड डायरेक्टर रविन्द्र मणि त्रिपाठी की उपस्थिति में शव का परीक्षण किया। वन विभाग ने मामला दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपियों को बैहर न्यायालय में पेश किया गया। अदालत ने उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
Back to top button