कांग्रेस के पास जिला पंचायत में बहुमत:जबलपुर जिला पंचायत अध्यक्ष को लेकर युवाओं में टक्कर; कांग्रेस से एकता तो भाजपा में संतोष कर रहे दावेदारी

जबलपुर, यशभारत। जबलपुर जिला पंचायत की 17 सीटों में से कांग्रेस के पक्ष में 9 दिखाई दे रही है। वही भाजपा के खाते में 6 आ रही है। इसके अलावा दो निर्दलीय प्रत्याशी भी जिला पंचायत सदस्य का चुनाव जीत रहे है। कांग्रेस ने भले ही बढ़त बना रखी हो पर भाजपा भी पीछे नही है। दोनों ही पार्टी से जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए युवा नाम सामने आए हैं। बता दे कि जबलपुर जिला पंचायत अध्यक्ष की सीट एसटी मुक्त है।

जिला पंचायत में महिलाएं आगे
जिला पंचायत सदस्यों की लिस्ट में इस बार महिलाओं की संख्या ज्यादा है। जिला पंचायत सदस्य में 9 महिला जिला पंचायत सदस्य बनी है। कांग्रेस हो या भाजपा दोनों ही तरफ से अध्यक्ष के लिए युवा नाम है। कांग्रेस से जहाँ एकता ठाकुर का नाम जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए आगे आ रहा है। वही भाजपा से संतोष बरकड़े जिसने कांग्रेस के दिग्गज नेताओं को पराजित किया है।
एकता ठाकुर और संतोष बरकड़े में टक्कर
कांग्रेस की तरफ से जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए एकता ठाकुर सबसे आगे खड़ी है। एकता क्षेत्र क्रमांक 8 से जीती है। उन्होंने छात्र जीवन से अपना राजनेतिक सफर शुरू किया था। 2004 में छात्र संघ का चुनाव जीतने के बाद एकता ठाकुर एनएसयूआई (NSUI) में राष्ट्रीय सचिव रही है। उन्हें राहुल गांधी का नजदीकी माना जाता है। एकता वर्तमान में यूथ कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव है।
क्षेत्र क्रमांक 7 से जीते भाजपा के संतोष बरकड़े जिला पंचायत अध्यक्ष की दौड़ में सबसे आगे है। संतोष आदिवासी बाहुल्य इलाके से आते है। संतोष बरकड़े ने 10 साल पहले ग्रामीण क्षेत्र से अपनी राजनीति शुरू की थी। संतोष अभी ग्रामीण जिला युवा मोर्चा मंत्री है। संतोष बरकड़े ने जिला पंचायत के चुनाव में कांग्रेस के दिग्गज आदिवासी नेता पूर्व विधायक नन्हें लाल धुर्वे को हराया। इसके अलावा पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष और 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी खिलाड़ी सिंह को भी राजनीति में पटकनी दी है।