कलेक्टर ने हाथ से साफ करवाया थूक:कर्मचारी ने अस्पताल में थूका, तो कलेक्टर ने फटकारा, फिर सामने ही हाथ से साफ करवाया

डिंडौरी कलेक्टर रत्नाकर झा जिला अस्पताल में गंदगी फैलाने वाले कर्मचारी पर जमकर बरस पड़े। कलेक्टर ने परिसर में थूकने पर कर्मचारी को पहले तो जमकर फटकार लगाई। इसके बाद हाथ से थूक साफ करवाया। उन्होंने कहा कि गंदगी कोई दूसरा करे और साफ अन्य व्यक्ति करे। ऐसा कब तक चलेगा।
मामला कुछ यूं है कि मंगलवार को कलेक्टर ने जिला अस्पताल कानिरीक्षण किया। अस्पताल की पार्किंग क्षेत्र से गुजरते समय उन्होंने देखा कि एक युवक गुटखा खाकर थूक रहा है। इसी बात पर वह भड़क गए। उन्होंने कर्मचारी को जमकर फटकार लगाई। इसके बाद उसे हाथ से थूक साफ करने के लिए कहा।
कलेक्टर बोले – ऐसा कब तक चलेगा। कोई गंदगी करे, कर्मचारी उसे साफ करते रहें। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो बना लिया। इसके बाद इसे साेशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। मामले में कलेक्टर का कहना है कि युवक जननी एक्सप्रेस का कर्मचारी था। हमने सुबह ही पूरे परिसर को साफ करवाया था।
मैं यहां से गुजर रहा था, तो देखा कि कर्मचारी गाड़ी में बैठे-बैठे थूक रहा है। वह परिसर को गंदा कर रहा था। ऐसा कब तक चलेगा कि लोग गंदगी फैलाएं और 4 कर्मचारी उनकी गंदगी को साफ करते रहें। यदि कोई गंदगी फैलाएगा, तो वही साफ करेगा।