करवा चौथ पर पत्नी पर हंसिया से हमला : पुलिस ने 6 घंटे में आरोपी को किया गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त हसिया बरामद

सतना। मझगवां थाना पुलिस ने जान से मारने की नीयत से गंभीर चोट पहुंचाने वाले आरोपी को घटना के महज छह घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त खून से सना हसिया भी बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देहात प्रेमलाल कुर्वे और एसडीओपी चित्रकूट राजेश सिंह बंजारे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक आदित्य नारायण सिंह धुर्वे के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की।
घटना 10 अक्टूबर 2025 की सुबह की है। फरियादिया इन्द्रवती वर्मा निवासी नई बस्ती मझगवां ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी बेटी रामवती वर्मा अपने पति राकेश अहिरवार के साथ किराये के मकान में रहती है। पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। सुबह करीब 8 बजे घरेलू विवाद के दौरान आरोपी राकेश ने अपनी पत्नी और बेटी पर हसिया से हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं।
सूचना मिलते ही पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया और आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 115(2), 118(1), 351(2) के तहत मामला दर्ज किया। बाद में मामले में धारा 109(1) बीएनएस का इजाफा किया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की और मुखबिर की मदद से महज छह घंटे में आरोपी राकेश अहिरवार (32) निवासी लोहरिहाई थाना बृजपुर जिला पन्ना, हाल निवासी नई बस्ती मझगवां को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पूछताछ में अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद घटना में प्रयुक्त हसिया जप्त की गई।
पुलिस टीम का सराहनीय योगदान:
थाना प्रभारी निरीक्षक आदित्य नारायण सिंह धुर्वे, उपनिरीक्षक नेहा ठाकुर, सउनि जय सिंह बागरी, हीरालाल मिश्रा, प्रधान आरक्षक ब्रम्हदत्त शुक्ला, सुशील तिवारी, दयाराम बैगा, आरक्षक रविकान्त यादव, आकाश कुशवाहा, दिनेश परस्ते, महन्त सिंह, सूर्यदेव सिंह, महिला आरक्षक रमा सिंह, सैनिक बेटालाल साकेत व देवराज सिंह का उल्लेखनीय योगदान रहा।







