मध्य प्रदेशराज्य

कपलर टूटने से दो हिस्सों में बंटी मालगाड़ी, डेढ़ घंटे ठप रहा रेल यातायात : सारनाथ व काशी एक्सप्रेस समेत 7 से अधिक ट्रेनें प्रभावित, रेलवे ने भेजा अतिरिक्त इंजन

Table of Contents

सतना/मानिकपुर।मुंबई-हावड़ा रेलखंड पर  एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया, जब सतना से पीसीएमआर क्लिंकर लेकर जा रही एक मालगाड़ी का कपलर टूटने से वह दो हिस्सों में बंट गई। यह घटना शाम करीब 6:05 बजे बांसा पहाड़ और मानिकपुर स्टेशन के बीच उस समय हुई, जब ट्रेन लूप लाइन से मेनलाइन में प्रवेश कर रही थी।

कपलर टूटते ही इंजन समेत कुछ डिब्बे आगे बढ़कर मानिकपुर स्टेशन की ओर निकल गए, जबकि शेष डिब्बे बांसा पहाड़ स्टेशन के पास ही रुक गए। घटना से अप और डाउन दोनों रेल लाइनों पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया, जिससे करीब डेढ़ घंटे तक ट्रेनों का संचालन ठप रहा।

घटना की जानकारी मिलते ही लोकोपायलट और ट्रेन मैनेजर ने तत्काल रेलवे अधिकारियों को सूचित किया। इसके बाद रेलवे प्रशासन हरकत में आया और तुरंत एक अतिरिक्त इंजन मौके पर भेजा गया।

दूसरे इंजन से हटाए गए डिब्बे

भेजे गए इंजन की मदद से पीछे छूटे डिब्बों को खींचकर वापस बांसा पहाड़ स्टेशन लाया गया। ट्रैक से सभी डिब्बे हटाने और लाइन क्लियर करने के बाद ही रेल यातायात को पुनः शुरू किया जा सका। साथ ही, कपलर बदलने के लिए सतना से सीएंडडब्ल्यू (C&W) स्टाफ को आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर रवाना किया गया।

कई प्रमुख ट्रेनें हुईं प्रभावित

इस घटना का असर रेल यातायात पर व्यापक रूप से पड़ा। अप लाइन की छपरा-दुर्ग सारनाथ एक्सप्रेस, एलटीटी-गोरखपुर काशी एक्सप्रेस और पाटलीपुत्र-एलटीटी सुपरफास्ट ट्रेन प्रभावित रहीं। वहीं डाउन लाइन की पुणे-सुपौल, सीएसएमटी-कोलकाता मुंबई मेल, पुणे-दानापुर और देवलाली-दानापुर एक्सप्रेस सहित अन्य यात्री व मालगाड़ियां भी विभिन्न स्टेशनों पर खड़ी रहीं।

जांच के निर्देश

रेलवे अधिकारियों ने प्रारंभिक तौर पर कपलर में तकनीकी खराबी को घटना का कारण माना है। मामले की विस्तृत जांच के निर्देश दे दिए गए हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

समय पर बहाल हुआ संचालन

करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद रेलवे ट्रैक को पूरी तरह क्लियर कर लिया गया, जिसके बाद ट्रेनों का संचालन सामान्य हो सका। यात्रियों को हुई असुविधा के लिए रेलवे ने खेद जताया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button