ऑक्सीजन लेकर पहुंची पुलिस:बैकअप खत्म होने के पहले पुलिस ने पहुंचाई ऑक्सीजन
लार्डगंज की पुलिस पेट्रोलिंग टीम ने दिखाई तत्परता

जबलपुर, यशभारत। जबलपुर में एक बार फिर पुलिस कोरोना संक्रमितों के लिए मददगार बन कर आई। एक निजी अस्पताल में ऑक्सीजन का बैकअप खत्म होने से पहले पुलिस ऑक्सीजन लेकर पहुंच गई। लार्डंगंज की पुलिस पेट्रोलिंग टीम को जैसे ही पता चला कि अस्पताल में ऑक्सीजन समाप्त होने वाला है, वह हरकत में आ गई। इसके पहले भी पुलिस की तत्परता से कई लोगों की जिंदगी बच चुकी है।
शहर के उखरी चौक स्थित मेडिकेयर हॉस्पिटल में बुधवार सुबह ऑक्सीजन का बैकअप खत्म होने वाला था। हॉस्पिटल की गाड़ी गई थी, लेकिन ऑक्सीजन नहीं मिल पाया था। ऑक्सीजन का बैकअप समाप्त होने वाला था। इसकी जानकारी लार्डगंज थाने की पेट्रोलिंग टीम को लगी। पुलिस ने दूसरे अस्पताल से कुछ ऑक्सीजन लेकर वहां पहुंचाया।
60 मरीजों की जान पर था संकट
लार्डगंज टीआई प्रफुल्ल श्रीवास्तव के मुताबिक कार्यवाहक एसआई जमुना मिश्रा की टीम पेट्रोलिंग पर थी। तभी सूचना मिली की मेडिकेयर अस्पताल में ऑक्सीजन का बैकअप समाप्त होने वाला है। कोविड मरीजों की जान पर संकट था। पेट्रोलिंग टीम ने तत्काल अधिकारियों से संपर्क करते हुए सिलेंडर की व्यवस्था कराई। ऑक्सीजन पहुंचने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली।