एमपी पुलिस की नौकरी लगाने डॉक्टर ने हड़पे 2 लाख : पुलिस ने डिन्डौरी से आरोपी नर्स पत्नी सहित दंपत्ति को दबोचा

जबलपुर, यशभारत। गढ़ा थाना अंतर्गत पुलिस में नौकरी लगाने का झांसा देकर एक डॉक्टर ने अपनी नर्स पत्नी के साथ षडय़ंत्र रचकर एक युवती से दो लाख रुपये हड़प लिए और फरार हो गया। पीडि़ता की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी दंपत्ति को डिन्डौरी से दबोच लिया है। जिससे पूछताछ जारी है।
पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि गढ़ा थाना क्षेत्र निवासी प्रिया शर्मा ने हाल ही में महिला पुलिस आरक्षक में भर्ती होने के लिए पेपर दिए थे। यह बात उसने अपने दोस्तों को बताई। तभी डॉक्टर विपिन पांडे और पेशे से नर्स पत्नी अंबिका पांडे ने युवती से कहा कि रुपयों के बिना पुलिस में भर्ती होना असंभव है।
3 लाख दो, आदेश दे दूंगा
जानकारी अनुसार युवती को डॉक्टर दंपत्ति ने अपने झंासे में लेकर बरगलाया कि तीन लाख रुपये दे दो और पुलिस महिला आरक्षक में भर्ती हो जाओ। उसकी पहचान बड़े अधिकारियों से है। वह सीधे आदेश निकालकर दे देंगे। जिसके बाद युवती उनके झांसे में आ गयी और 6 महिने पहले दो लाख रुपये दे दिए। आरोपी ने वायदा किया था कि पद पर पदस्थ हो जाने के बाद एक
लाश रुपये बाद में देने होंगे।
प्रकरण दर्ज होने के बाद शुरु हुई पड़ताल
13 जुलाई 2022 को पीडि़ता ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज की। उसने बताया कि वह पचास हजार कैश और डेढ़ लाश चेक के माध्यम से पैसे दे चुकी है। आरोपियों ने उसके साथ ठगी की। उनकी कहीं कोई पहचान नहीं है और अब पैसे मांगने पर वह फोन तक नहीं उठा रहे। इतना ही नहीं आरोपी राधा हॉस्पिटल बरगी में पदस्थ है, जहां उसकी पत्नी अंबिका पांडे नर्स के पद पर पदस्थ है। जिसके बाद पुलिस ने दोनों को दबोच लिया।