एनएच में लोगों को एकत्रित कर मार्ग बाधित करने पर तीन सौ लोगों पर FIR :पेंच नहर से पानी की मांग को लेकर किया था चका जाम

सिवनी यश भारत:-जिले के जबलपुर-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 44 में बंडोल थाना अंतर्गत श्रीवनी फिल्टर प्लांट के पास बीते दिवस लोगों को एकत्रित कर वाहनों का आवागमन फोरलेन में पांच घंटे तक बाधित करने के मामले में 300 लोगों पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। बंडोल पुलिस ने पेंच नहर के आंदोलन के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग में परेशान होने वाले राहगीरों की शिकायत पर प्रकरण कायम कर मामले को जांच में लिया है। बंडोल थाना प्रभारी श्रीचंद मरावी ने बताया कि पांच लोगों पर नामजद शेष अज्ञात लोगों पर धारा 126 (2), 189 (2) का मामला कायम किया गया है। गुरूवार को पेंच परियोजना की नहर में पानी की मांग को लेकर क्षेत्र के किसानों ने धरना दिया था।
पुलिस का कहना है कि इस आंदोलन के दौरान कुछ उपद्रवी तत्वों ने कुछ घंटे तक हाईवे में चकाजाम कर दिया था। इसके कारण हजारों वाहनों में सवार यात्रियों व चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। किसानों ने बंडोल पुलिस थाना में दी गई सूचना में धरना प्रदर्शन की सूचना दी थी, जिसमें चकाजाम का उल्लेख नहीं किया गया था। उच्चतम न्यायालय के आदेशों का उल्लंघन करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग 44 में चकाजाम किए जाने के कारण आमजनों को कई घंटों तक हलकान होना पड़ा था। और वाहनों के पहिए रूकने से राष्ट्रीय राजमार्ग में लंबा जाम लग गया था। जिसमें फंसे सैकड़ों वाहन कई घंटों बाद अपने गर्तव्य पर पहुंच सकें थे।
विरोध प्रदर्शन के दौरान की गई वीडियो रिकार्डिंग का फुटेज खंगाल कर पुलिस उपद्रवी तत्वों की पहचान कर रही है। पेंच नहर शाखा डी-4 में कार्य पूर्ण कर बंडोल के कलारबांकी क्षेत्र में पानी देने की मांग पर आक्रोशित किया था।किसानों व क्षेत्रवासियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग में श्रीवनी फिल्टर प्लांट के पास चकाजाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया था।
पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों की समझाइश के बाद लोग हाईवे से हटने तैयार नहीं हुए थे। इससे आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। महिलाएं भी हाथों में विभिन्न स्लोगन लिखी तख्तियों को हाथों में रखकर हाइवे पर बैठ गई थी। कई घंटे तक नारेबाजी व घरना प्रदर्शन के बाद जल संसाधन विभाग के अधिकारियों के लिखित में आश्वासन पर प्रदर्शनकारियों ने आंदोलन समाप्त किया था।