
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मध्यप्रदेश को 11 सड़कों की सौगात दी। 534 किलोमीटर लंबी सड़कों का शिलान्यास उज्जैन में हुआ। सड़कें 6247 करोड़ रुपए की लागत से बनाई जाएंगी। शिलान्यास कार्यक्रम में नितिन गडकरी ने कहा कि 5 साल में मध्यप्रदेश की सड़कें अमेरिका के बराबर होंगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि महाशिवरात्रि पर उज्जैन में 21 लाख दीपक जलाए जाएंगे। वह खुद 11 दीप जलाने आएंगे। केंद्रीय मंत्री वीके सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश में 2014 तक 5 हजार किमी राष्ट्रीय राजमार्ग थे। आज बढ़कर 9 हजार किमी हो गए हैं। सभी 52 जिले नेशनल हाईवे से जुड़ चुके हैं।
केंद्रीय राज्यमंत्री सड़क परिवहन एवं राजमार्ग वीके सिंह (रिटायर्ड जनरल) ने महाकाल मंदिर में पूजा की। मंदिर के विस्तार के लिए 11 करोड़ रुपए देने की घोषणा भी की। उज्जैन आने से पहले गडकरी का इंदौर एयरपोर्ट पर जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने स्वागत किया।